मंत्री के आवास में हुड़दंग मचाना पड़ा महंगा, हुड़दंगी पहुंचा हवालात

Tuesday, Jul 31, 2018 - 10:43 PM (IST)

कांगड़ा: प्रदेश सरकार के एक मंत्री के आवास पर सोमवार आधी रात को शराब के नशे में एक प्रवासी ने हुड़दंगबाजी की। उक्त व्यक्ति द्वारा लगातार ऐसा करने से परेशान पी.एस.ओ. को पुलिस बुलाकर उसे गिरफ्तार करवाना पड़ा। जानकारी के मुताबिक सोमवार रात को करीब 2 बजे एक प्रवासी व्यक्ति मंत्री के घर की घंटी बजाने लगा व वहां पर हुड़दंग मचाने लगा, जिस पर पी.एस.ओ. ने पुलिस को मौके पर बुलाकर उसे गिरफ्तार करवा दिया।


पत्नी से झगड़े के बाद बजाई मंत्री के घर की घंटी
थाना प्रभारी शाहपुर गंभीर सिंह ने बताया कि एक प्रवासी व्यक्ति विजय कुमार पुत्र छोटू राम निवासी बरेली इस समय शाहपुर में एक बैंक के पास रहता है। रात्रि को उसने पहले पत्नी के साथ नशे में झगड़ा किया और उसके बाद मंत्री के बाहर गेट पर लगी घंटी बार-बार बजाने लगा। इसके साथ ही जोर-जोर से शोर मचाकर हुड़दंग मचाने लगा। मंत्री के पी.एस.ओ. ने पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने आरोपी को धारा 107 व 151 के तहत गिरफ्तार कर लिया।

Vijay