हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी ‘राम’ पार्टी

Saturday, Jun 02, 2018 - 11:14 PM (IST)

शिमला (राक्टा): राष्ट्रीय आजाद मंच (राम) पार्टी ने प्रदेश की जयराम सरकार पर निशाना साधते हुए हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों पर चुनाव लडऩे का ऐलान किया है। शनिवार को शिमला में आयोजित पत्रकार वार्ता में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सत्यव्रत भारतीय ने कहा कि पहाड़ी प्रदेश हिमाचल में कानून व्यवस्था चरमरा चुकी है और खराब सिस्टम से यहां जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में किसानों को सिंचाई और आम लोगों को पीने के लिए पानी नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की ऐसी हालात को देखते हुए पार्टी सूबे की चारों लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी।


इन मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी पार्टी
उन्होंने कहा कि राम पार्टी के उम्मीदवार लोकसभा सीटों पर प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और जलसंकट जैसे मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि राम पार्टी सांसदों के वेतन-पैंशन और अन्य अतिरिक्त खर्चों के खिलाफ है और इस संबंध में सबसे पहला कदम उठाने वाली राम पार्टी ही होगी।


मेहर सिंह को सौंपी हिमाचल की कमान
इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष ने हिमाचल की नई कार्यकारिणी भी घोषित की है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने मेहर सिंह खुखलिया को पार्टी का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसी तरह कपिल धीमान वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रमेश गुलेरिया महासचिव, नीरज भंडारी सचिव व दिनेश कुमार को शिमला संसदीय क्षेत्र का अध्यक्ष नियुक्त किया है।

Vijay