धर्मशाला में होने वाली रैली प्रदेश में लिखेगी एक नया इतिहास, चंबा से इतने जाएंगे कार्यकर्ता

Wednesday, Dec 26, 2018 - 10:47 AM (IST)

कांगड़ा : कांगड़ा जिला के धर्मशाला में वीरवार को होने वाली रैली प्रदेश में एक नया इतिहास लिखेगी। जिला चम्बा से इस रैली में सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों सहित 10 हजार पार्टी कार्यकर्ता धर्मशाला जाएंगे। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला भाजपा अध्यक्ष डी.एस.ठाकुर व भाजपा मंडलाध्यक्ष चम्बा विनोद कुमार ने जारी संयुक्त बयान में यह बात कही। भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि जिला चम्बा के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 2 हजार लोग इस रैली में जाएंगे।

लोगों ने सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने बीते साढ़े चार सालों के दौरान व प्रदेश सरकार ने एक वर्ष के दौरान जिन जनकल्याणकारी योजनाओं को क्रियान्वित किया है उनका लाभ प्राप्त करने वाले लाभार्थी इस जनसैलाब का मुख्य हिस्सा होंगे। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से लोगों ने सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त किया है और जिस प्रकार से पार्टी कार्यकत्र्ताओं में इस रैली को लेकर उत्साह है उसे देखते हुए यह आभास हो रहा है कि धर्मशाला का पुलिस मैदान जनसैलाब के आगे छोटा पड़ जाएगा और ऐसा पहली बार होगा। डी.एस.ठाकुर व विनोद कुमार ने कहा कि कांग्रेसी नेता इस रैली के बाद पूरी तरह से अपनी मानसिकता खो बैठेंगे क्योंकि उन्हें यह पता चल जाएगा कि विधानसभा चुनाव के बाद आगामी लोकसभा चुनाव में भी प्रदेश की चारों लोकसभा सीटें भाजपा की झोली में जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जो भी कांग्रेसी नेता इस रैली को लेकर अनाप-श्नाप बयानबाजी कर रहे हैं उन्हें प्रदेश की जनता 27 दिसम्बर को होने वाली रैली के रूप में जवाब दे देगी।

 

kirti