COVID-19 : जेपी नड्डा की रैली में नहीं लगेंगी कुर्सियां, सर्कल में खड़े होंगे लोग

punjabkesari.in Friday, Nov 20, 2020 - 10:53 PM (IST)

बिलासपुर (बंशीधर): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के बिलासपुर के 2 दिवसीय दौरे के सफल आयोजन के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। इस दौरे के सफल आयोजन के लिए जहां प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा व प्रदेश महामंत्री तथा मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार त्रिलोक जम्वाल पिछले 2 दिनों से बिलासपुर में डेरा डाले हुए हैं, वहीं शुक्रवार को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भी बिलासपुर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए तैयारियों को अंतिम रूप भी दिया। वहीं सदर विधायक सुभाष ठाकुर ने परिधि गृह में सदर मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक की तथा पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी जारी किए।

भगवा रंग में रंगा शहर, भाजपा के झंडे व होर्डिंग्ज लगाए

बिहार चुनाव में भाजपा व एनडीए की सरकार बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले जगत प्रकाश नड्डा के बिलासपुर दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के लिए पूरे शहर को भगवा रंग में रंगने के लिए जगह-जगह भाजपा के झंडे व होर्डिंग्ज लगाए गए हैं। जगह-जगह तोरणद्वार बनाए जा रहे हैं। वहीं कोरोना वायरस को लेकर भी पार्टी पूरी तरह सचेत है। इसके चलते सभा स्थल लुहणू मैदान में कोई भी कुर्सी नहीं लगाने का निर्णय लिया गया है। सोशल डिस्टैंसिंग का पूरी तरह पालन करवाए जाने के लिए लोगों को खड़े होने के लिए चूने से सर्कल बनाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त स्वागत समारोह के दौरान हर व्यक्ति को मास्क के बिना नहीं आने दिए जाने का प्रबंध किया गया है।

स्वागत समारोह में 5000 कार्यकर्ता

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार एवं प्रदेश भाजपा महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि स्वागत समारोह में 5000 कार्यकर्ता आएंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा केवल 15 मिनट ही लुहणू में कार्यकर्ताओं व लोगों को संबोधित करेंगे। उन्होंने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के सफल आयोजन के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, वहीं जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट हो गया है। जेपी नड्डा व मुख्यमंत्री के दौरे को ध्यान में रखते हुए जिला की सड़कों पर पड़े गड्ढों को भर दिया गया है। निर्माणाधीन एम्स व विजयपुर की सड़कों को दुरुस्त कर दिया गया है।

शहर में भी जगह-जगह पुलिस बल तैनात

कानून व यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में भी जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। लुहणू मैदान को जाने वाले रास्ते में वन-वे ट्रैफिक कर दिया गया है। गुरुद्वारा चौक पर पुलिस ने नाका लगाया है। रौड़ा सैक्टर व लुहणू को जाने के लिए लोगों को पालिका क्लब होकर जाना पड़ेगा, जबकि आने के लिए कन्या स्कूल से मस्जिद होकर आना पड़ेगा। सभा स्थल को सैनिटाइज किया गया है ताकि कोरोना न फैल सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News