रक्षा बंधन से एक दिन पहले 2 बहनों पर टूटा दुखों का पहाड़, भाई को मिली दर्दनाक मौत

Tuesday, Aug 08, 2017 - 01:56 PM (IST)

फतेहपुर: कांगड़ा के ज्वाली उपमंडल के निकटवर्ती गांव टकोली घिरथा में रक्षा बंधन के एक दिन पहले ही 2 बहनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दो बहनों के हाथ से भाई की कलाई हमेशा-हमेशा के लिए छूट गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय युवक अभिषेक कुमार की मजुही खड्ड में डूबने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान अभिषेक कुमार पुत्र अरूण कुमार निवासी टकोली के रूप में हुई है।


मजुही खड्ड में नहाने को उतरा था
मृतक युवक दो बहनों का इकलौता भाई था। वह अपने दोस्तों के साथ शिब्बां थान भरमाड मंदिर में माथा टेकने गया था और उन्हीं के साथ ही घर वापिस आ रहा था। अचानक उसे क्या सूझा वह मजुही खड्ड में नहाने के लिए उतर गया। पहले तो उसके साथ गए हुए तीन युवक उसे निकालने की कोशिश करते रहे, लेकिन जब निकला नहीं तब लडकों ने शोर मचाया। शोर सुनकर लोग इकट्ठे हुए। युवक को बाहर निकाल कर स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ज्वाली में लाया गया। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस सदर्भ में डीएसपी ज्वाली वीर बहादुर सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि अभिषेक कुमार पुत्र अरूण कुमार निवासी टकोली की खड्ड में डूबने से मौत हो गई है।