Hamirpur: कभी फोटोग्राफी से भी मुश्किल था गुजारा, फिर एक खबर ने बदली राकेश की किस्मत! आज VIP भी हैं इनके सिड्डू के दिवाने
punjabkesari.in Tuesday, Nov 17, 2026 - 03:03 PM (IST)
हमीरपुर (राजीव): कहते हैं कि इंसान के भीतर कुछ कर गुजरने का जज्बा हो, तो एक छोटा-सा विचार भी जिंदगी की पूरी दिशा और दशा बदल सकता है। हमीरपुर के बाईपास निवासी राकेश काला की कहानी भी कुछ ऐसी ही है, जिन्होंने कभी अपनी आजीविका चलाने के लिए हाथों में कैमरा थामा था, लेकिन आज उनके हाथों से बने पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन देसी सिड्डू की खुशबू पूरे हमीरपुर शहर को महका रही है। शहर के ऐतिहासिक गांधी चौक पर स्थित राकेश काला की दुकान आज जायके का एक ऐसा केंद्र बन चुकी है, जहां आम शहरियों से लेकर देश की बड़ी हस्तियां तक पहाड़ी स्वाद का लुत्फ उठाने पहुंचती हैं।
राकेश काला के इस सफल सफर की कहानी एक अचानक मिली प्रेरणा से लिखी गई है। वर्ष 2008 तक उन्होंने फोटोग्राफी के पेशे से अपना गुजारा चलाने की कोशिश की, लेकिन जब उससे आर्थिक स्थिति नहीं संभली, तो उन्होंने गांधी चौक पर मोमो बेचने का काम शुरू किया। इससे उनकी गाड़ी तो पटरी पर आ गई, लेकिन असली मोड़ करीब 3 वर्ष पहले आया। राकेश ने सोशल मीडिया पर एक खबर देखी कि कैसे कुल्लू दशहरे में सिड्डू की दुकान लगाकर लाखों रुपए कमाए जा रहे हैं। इस एक खबर ने उनके मन में पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन को अपना कारोबार बनाने की चिंगारी जगा दी। वे तुरंत कुल्लू पहुंचे और वहां कुछ दिनों तक रुककर पारंपरिक सिड्डू बनाने की बारीकियां और ट्रेनिंग हासिल की।
कुल्लू से हुनर सीखकर लौटे राकेश काला ने गांधी चौक पर मोमो के साथ-साथ सिड्डू बनाकर बेचने का नया प्रयोग शुरू किया। शुरुआत में यह एक जोखिम जैसा था, लेकिन हमीरपुर के लोगों को उनके सिड्डू का देसी स्वाद ऐसा भाया कि देखते ही देखते दुकान पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी। समय के साथ राकेश ने इसमें नए स्वाद और वैरायटी भी जोड़ीं। आज आलम यह है कि उनकी दुकान पर महिलाओं, बच्चों और बड़े अधिकारियों का तांता लगा रहता है। इतना ही नहीं, सांसद अनुराग सिंह ठाकुर, आईपीएल के चेयरमैन अरुण धूमल और विधायक आशीष शर्मा जैसी दिग्गज हस्तियां भी राकेश के बनाए सिड्डू का स्वाद चख चुकी हैं और वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देने के लिए उनकी जमकर सराहना कर चुकी हैं।
पहाड़ी खानपान की समृद्ध परंपरा है सिड्डू, ऐसे होता है तैयार
अपनी इस कामयाबी के बीच राकेश काला बताते हैं कि सिड्डू हिमाचल प्रदेश की समृद्ध खानपान परंपरा का एक बेहद लोकप्रिय और अहम हिस्सा है। इसे तैयार करने की विधि भी काफी खास है। सबसे पहले गेहूं के आटे को गूंथकर उसमें खमीर उठाया जाता है। इसके बाद आटे की लोई बनाकर उसमें अखरोट, खसखस (पोस्त), अफीम दाना, दाल और अन्य स्थानीय पहाड़ी सामग्रियों की स्वादिष्ट भराई (स्टफिंग) की जाती है। फिर इसे भाप में पकाया जाता है। मीठे और नमकीन, दोनों स्वादों में बनने वाले इस गर्मजोश सिड्डू को जब पारंपरिक रूप से शुद्ध देसी घी के साथ परोसा जाता है, तो इसका जायका दोगुना हो जाता है।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

