कामगार बोर्ड के अध्यक्ष राकेश बबली पंचतत्व में विलीन, अंतिम विदाई देने उमड़ा जनसैलाब

punjabkesari.in Sunday, Jul 03, 2022 - 07:41 PM (IST)

हमीरपुर(राजीव): बड़सर से भाजपा के युवा नेता, प्रदेश भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष और हिमाचल प्रदेश सरकार के कामगार बोर्ड के अध्यक्ष डाॅ. राकेश बबली का रविवार को उनके पैतृक गांव बुढान में अंतिम संस्कार कर दिया गया। हजारों की तादाद में उनको चाहने वालों और भाजपा के नेताओं, मंत्रियों व कार्यकर्ताओं ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी। राकेश बबली के घर में उनके माता-पिता और पत्नी सहित 2 छोटे-छोटे बच्चे, जिनमें एक लड़का व एक लड़की है। जैसे ही रात को प्रदेशभर में राकेश बबली के निधन की खबर फैली तो प्रदेश के हर कोने से उनके घर में भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। 

रविवार सुबह राकेश बबली के अंतिम संस्कार में प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, वन मंत्री राकेश पठानिया, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, बड़सर से कांग्रेस के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल, भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, एपीएमसी हमीरपुर के चेयरमैन अजय शर्मा, हमीरपुर के विधायक नरेंद्र ठाकुर, भोरंज की विधायक कमलेश कुमारी, पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, जिला भाजपा के महामंत्री हरीश शर्मा, कौशल विकास निगम के समन्वयक नवीन शर्मा, प्रशासन की तरफ से एसडीएम बड़सर शशिपाल सहित हजारों की संख्या में लोग व भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अंतिम संस्कार में भाग लिया, उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। 

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी युवा नेता राकेश बबली के निधन पर शोक प्रकट किया तथा उनके जाने से भाजपा संगठन को बहुत बड़ी क्षति बताया। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि राकेश बबली के अचानक चले जाना अत्यंत दुखद समाचार है। उन्होंने कहा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार तथा सभी चाहने वालों को इस असहनीय सदमे को सहने की शक्ति प्रदान करे। उधर, जिला भाजपा के महामंत्री हरीश शर्मा ने बताया कि राकेश बबली के निधन पर जिला भाजपा ने 3 दिन तक शोक घोषित करते हुए संगठन के सभी कार्यकम रद्द कर दिए हैं।  

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News