Hamirpur: सांसद सिकंदर कुमार ने केंद्र से उठाई मांग, बाेले-सामरिक और आर्थिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रंगस-लठियानी मार्ग काे मिले NH का दर्जा
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 06:13 PM (IST)
हमीरपुर (राजीव): राज्यसभा सांसद एवं हिमाचल भाजपा के प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार ने मंगलवार को सदन में प्रदेश की सड़कों और बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने की वकालत की। उन्होंने हमीरपुर और ऊना जिलों के बीच संपर्क के सबसे महत्वपूर्ण माध्यम रंगस-लठियानी मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की जोरदार मांग उठाई।
डॉ. सिकंदर ने सदन के माध्यम से बताया कि वाया कांगू, धनेटा और बंगाणा जाने वाला यह लगभग 39 किलोमीटर का हिस्सा क्षेत्र की जीवनरेखा है। इसमें धनेटा से बंगाणा के बीच सुरंग निर्माण का प्रस्ताव पहले से ही विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग न केवल दो राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच-503 और एनएच-88) को जोड़ता है, बल्कि सामरिक और आर्थिक दृष्टि से भी अत्यंत अनिवार्य है।
सांसद ने सदन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि इस मार्ग के राष्ट्रीय राजमार्ग बनने से उत्तर भारत के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालकनाथ मंदिर दियोटसिद्ध आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुगम यातायात की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, बेहतर सड़क संपर्क से इस पिछड़े क्षेत्र में व्यापार और स्वरोजगार के नए द्वार खुलेंगे।
डॉ. सिकंदर कुमार ने स्पष्ट किया कि रंगस-लठियानी मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग के लिए निर्धारित सभी कड़े मापदंडों, जैसे पिछड़े क्षेत्र का विकास और दो महत्वपूर्ण केंद्रों को जोड़ना, को पूरा करता है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने पूर्व में इस क्षेत्र के लिए डीपीआर और सर्वेक्षणों की अनुमति दी है।
सांसद ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि क्षेत्रीय जनता की इस वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए इसे अविलंब अधिसूचित किया जाए और आवश्यक बजट इसी वित्त वर्ष में आवंटित किया जाए ताकि परियोजना पर तेजी से काम शुरू हो सके और जनता को राहत मिले।

