कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष बदलने की अटकलों के बीच हिमाचल आएंगी रजनी पाटिल

Tuesday, Oct 16, 2018 - 10:32 AM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को बदलने की अटकलों के बीच प्रदेश प्रभारी 20 अक्तूबर को प्रदेश प्रवास पर आ सकती हैं। इस दौरान वह प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सकती हैं। हालांकि अभी तक उनके दौरे को लेकर पार्टी के स्तर पर पुष्टि नहीं की गई है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश कांग्रेस में पिछले कुछ समय से प्रदेशाध्यक्ष को बदलने की अटकलें जोर पकड़ रही हैं। इन अटकलों के बीच पूर्व महासचिव कुलदीप सिंह राठौर के नाम को उछाला जा रहा है।

ऐसा माना जा रहा है कि प्रदेश कांग्रेस प्रभारी अपने दौरे के दौरान अध्यक्ष पद को लेकर जारी अटकलों पर विराम लगा सकती हैं। इस दौरान वह पार्टी के भीतर जारी गुटबाजी को समाप्त करने का प्रयास भी करेंगी ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी एकजुटता के साथ बेहतर प्रदर्शन कर सके। जानकारी के अनुसार प्रदेश प्रभारी अपने दौरे के दौरान प्रदेश के कुछ ब्लॉकों का दौरा भी कर सकती हैं। 

एम.सी. के मेयर संग कांग्रेस कार्यालय पहुंचे सुधीर
नगर निगम धर्मशाला के नवनियुक्त मेयर देवेंद्र जग्गी के साथ पूर्व शहरी विकास एवं आवास मंत्री ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में सुक्खू से मुलाकात की। सुधीर शर्मा को हाल ही में ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी का सचिव भी नियुक्त किया गया है। इस दौरान  सुक्खू ने पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा और मेयर देवेंद्र जग्गी का शॉल और टोपी पहनाकर स्वागत किया।

Ekta