हिमाचल कांग्रेस प्रभारी बोलीं-हाईकमान को सौंपी जाएगी 6 जिलों की रिपोर्ट

Tuesday, Jul 10, 2018 - 04:49 PM (IST)

बैजनाथ (कमल): हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, सह प्रभारी गुरकीरत सिंह तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू का बैजनाथ में देर शाम पहुंचने पर पूर्व विधायक किशोरी लाल की अगुवाई में ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस तथा युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान रजनी पाटिल ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के निर्देशानुसार मैं प्रभारी के नाते पूरे प्रदेश का दौरा कर नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर रही हूं।


शिमला में करेंगे बड़ी बैठक
पहले चरण में कांगड़ा जिला से शुरूआत करते हुए हम 6 जिलों का दौरा करेंगे तथा शिमला में एक बड़ी बैठक करेंगे जिसमें ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस व युवा कांग्रेस के पदाधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर रणनीति तैयार कर रही हूं। हमारा लक्ष्य यह है कि प्रदेश की चारों सीटें कांग्रेस की झोली में पड़ें। उन्होंने कांगड़ा-चम्बा लोकसभा के लिए किसी भी उम्मीदवार का नाम नहीं बताया तथा कहा कि यह आलाकमान का अधिकार क्षेत्र है, मुझे केवल रिपोर्ट तैयार करनी है।


मेरे और वीरभद्र सिंह के बीच कोई मतभेद नहीं : सुक्खू
वहीं प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा मेरे व पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बयानों को मीडिया तोड़-मरोड़कर पेश कर रही है। मेरे और राजा वीरभद्र सिंह के बीच कोई मतभेद नहीं है तथा सब मिलकर पार्टी का काम करेंगे और प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों में कांग्रेस के प्रत्यशियों को जितवाएंगे। उन्होंने प्रदेश की 6 महीने की जयराम सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि शिमला शहर में पीने के पानी का का संकट पहली बार हुआ, जिस कारण प्रदेश का नाम खराब हुआ है। मुख्यमंत्री कि प्रशासनिक अधिकारियों में पकड़ न होने से सरकार को गलत फैसले लेने को मजबूर होना पड़ रहा है। प्रदेश में कानून व्यवस्था चरमरा गई है।


ऐतिहासिक शिव मंदिर में की पूजा-अर्चना
इसके बाद में कांग्रेस नेताओं ने बैजनाथ के ऐतिहासिक शिव मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा भोले बाबा का आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर प्रभारी बैजनाथ राकेश चौहान, पूर्व प्रभारी, प्रेमनाथ ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संसार सिंह राणा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जमुना गोयल, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष रविन्द्र राव, मुनीष अवस्थी, वीरेंद्र जम्वाल व शशि राणा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Vijay