रजनी पाटिल बोलीं-मैं यहां टिकट बांटने नहीं, कार्यकर्ताओं से बात करने आई हूं

Wednesday, Jul 11, 2018 - 05:50 PM (IST)

कुल्लू (मनमिंदर): कुल्लू जिला के मुख्यालय में स्थित ढालपुर में जिला कुल्लू कांग्रेस की बैठक में भाग लेने पहुंचीं प्रदेश कांग्रेस की प्रभारी रजनी पाटिल ने साफ किया कि वह यहां सिर्फ जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं से बात करने आई हैं और टिकट बांटना उनका काम नहीं है। बैठक में वह सिर्फ कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बात करेंगी कि कौन व्यक्ति लोकसभा चुनावों के लिए बेहतर है। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश में कार्यकर्ताओं की बात को केंद्र में अध्यक्ष राहुल गांधी तक पहुंचाएंगी और लोकसभा में टिकट देने के बारे में केंद्रीय कमेटी ही अगला विचार करेगी।


नेताओं में होते रहते हैं आपसी मतभेद
प्रदेश कांग्रेस संगठन में आपस में नेताओं की चल रही तनातनी पर उन्होंने कहा कि नेताओं में आपसी मतभेद होते रहते हैं और वे आपस मे बात करके सुलझ भी जाते हैं। उन्होंने कहा कि अगर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह भी किसी बात पर नाराज हैं तो उनसे बात की जाएगी। बात करके उनकी नाराजगी को दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और अगर किसी बात पर वह नाराज भी हैं तो वह उनका हक है और वह अपनी नाराजगी जाहिर कर सकते हैं।


बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को दिया जाएगा सम्मान
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनावों को लक्ष्य 2019 का नाम दिया है और उसे सफल करने के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं संग वह भी बूथ स्तर पर जाएंगी। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर सभी कार्यकर्ताओं को सम्मान दिया जाएगा और घर-घर जाकर लोगो को केंद्र की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के बारे में जागरूक किया जाएगा।

Vijay