रजनी पाटिल बोलीं-चुनाव तिथियों के बाद ही होगी प्रत्याशियों की घोषणा

Monday, Mar 04, 2019 - 11:01 PM (IST)

धर्मशाला (जिनेश): लोकसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस की 7 मार्च को कांगड़ा के चम्बी मैदान में होने वाली रैली में कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार राहुल गांधी हिमाचल के कांगड़ा में आएंगे। रैली में राहुल गांधी लोकसभा चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। यह बात हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने धर्मशाला में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों को लेकर प्रदेश कांग्रेस के नेता एकजुट हैं और लोकसभा चुनावों को लेकर तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि टिकट आबंटन का फैसला लोकसभा चुनावों की तिथियां घोषित होने के बाद कर दिया जाएगा। इसके चलते 10 मार्च के बाद राहुल गांधी से टिकट आबंटन को लेकर बातचीत भी की जाएगी।

टिकटों को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष का होगा आखिरी फैसला

लोकसभा टिकटों को लेकर हिमाचल प्रभारी ने कहा कि टिकटों को लेकर आखिरी फैसला कांग्रेस अध्यक्ष का ही होगा। उन्होंने कहा कि जिन कांग्रेस कार्यकत्र्ताओं ने टिकट को आवेदन किया है उनके नामों की सूची भी हाईकमान के समक्ष रख दी जाएगी। फिलहाल उनकी पूरी फाइल तैयार कर ली गई है। कांगड़ा-चम्बा संसदीय सीट पर पूर्व मंत्री जी.एस. बाली व सुधीर शर्मा के नामों को लेकर चल रही अटकलों पर उन्होंने कहा कि इनके नाम भी चर्चा के लिए हाईकमान के पास रखे जाएंगे।

महिलाओं का कोटा निर्धारित नहीं

महिला प्रत्याशी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि हिमाचल में मात्र 4 ही लोकसभा सीटें हैं जिसके चलते महिलाओं का कोटा निर्धारित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि आशा कुमारी की इच्छा है और उन्होंने आवेदन किया होगा तो उनके नाम पर भी कांगड़ा-चम्बा सीट पर चर्चा हो सकती है।

वीरभद्र सिंह को मना लिया जाएगा

मंडी व हमीरपुर लोकसभा सीट पर वीरभद्र सिंह द्वारा बताए गए नामों को ही क्या हाईकमान आखिरी समझेगा, के सवाल पर रजनी पाटिल ने कहा कि टिकट किसको मिलेगा यह हाईकमान निर्धारित करेगा। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को मना लिया जाएगा।

इन मुद्दों पर घेरी जाएगी भाजपा

रजनी पाटिल ने कहा कि लोकसभा चुनावों में केंद्र को विभिन्न मुद्दों पर घेरा जाएगा, जिसमें केंद्र सरकार की असफलता, नोटबंदी, किसानों व बेरोजगारी का मुद्दा तथा महंगाई आदि रहेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार 2014 में इन्हीं जुमलों को लेकर सत्ता में आई थी लेकिन ये मात्र जुमले ही रहे हैं।

शहीदों की शहादत पर राजनीति नहीं करेगी कांग्रेस

सर्जिकल स्ट्राइक पर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक आदि मुद्दों पर कांगे्रस राजनीति नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि शहीदों की शहादत के साथ कोई भी राजनीतिकरण नहीं किया जाएगा।

फिजूलखर्ची कर रही सरकार : अग्निहोत्री

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्रिहोत्री ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए  कहा कि लोकसभा चुनावों को लेकर भाजपा को पूरी तरह घेरा जाएगा। केंद्र सरकार व प्रदेश सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार कर्जे की बात को लेकर सत्ता में आई थी लेकिन आज वही भाजपा सरकार कर्जे पर कर्जे ले रही है। उन्होंने कहा कि जी.एस.टी. कलैक्शन में भी प्रदेश पूरी तरह पिछड़ चुका है। सरकार फिजूल के खर्चे कर रही है।

 

Vijay