रजनी पाटिल के हिमाचल दौरे में फेरबदल, चम्बा में होगी कांग्रेस की आमसभा

Tuesday, Aug 07, 2018 - 11:04 AM (IST)

शिमला (राक्टा): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस आमसभा की बैठक चम्बा में करेगी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस बार पार्टी मुख्यालय राजीव भवन शिमला से बाहर आमसभा का आयोजन करने का निर्णय लिया है। ऐसे में पार्टी ने सभी तैयारियों को अमलीजामा पहनाना शुरू कर दिया है। चम्बा में होने वाली आमसभा में कांग्रेस आगामी लोकसभा चुनाव की रणनीति तैयार करेगी।


इसके साथ ही प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के हिमाचल दौरे में हल्का बदलाव हुआ है। हालांकि उनका हिमाचल दौरा 8 से 10 अगस्त तक था, लेकिन अब 9 से 11 अगस्त फाइनल किया गया। इसके तहत वह 9 अगस्त को 11 बजे चम्बा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी की आमसभा को संबोधित करेंगी। इसके साथ ही वह 10 अगस्त को 11 बजे हमीरपुर में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगी। उसके बाद दौरे के अंतिम दिन 11 अगस्त को ऊना में जिला स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करेगी। 

Ekta