राजेंद्र राणा ने BJP सरकार पर कसा तंज, पूर्व CM सहित अनुराग ठाकुर रहे निशाने पर

Sunday, Dec 29, 2019 - 05:02 PM (IST)

सुजानपुर: सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत सभी पंजीकृत महिला मंडलों को टेंट शामियाने भेंट स्वरूप प्रदान किए जाएंगे। यह सौगात सर्व कल्याणकारी संस्था के सौजन्य से महिला मंडलों को दी जाएगी। यह घोषणा सुजानपुर विधायक राजेंद्र राणा राष्ट्रीय अध्यक्ष सर्व कल्याणकारी संस्था द्वारा रविवार को सुजानपुर की श्री कृष्ण धर्मशाला में आयोजित महिला मंडल कार्यक्रम में दी गई। विधायक ने जानकारी देते हुए बताया कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की महिला मंडलों को पहले भी कई बार सम्मानित किया जा चुका है। हालही में विधायक निधि से प्रत्येक महिला मंडल को दस दस हजार की राशि से जरूरत मुताबिक सामान खरीदने की सौगात प्रदान की गई है शीघ्र ही एक बार फिर से सभी महिला मंडलों को संस्था के माध्यम से टेंट दिए जाएंगे जो पंचायतों में होने वाले कार्यक्रमों में उपयोग में लाए जा सकेंगे। विधायक ने कार्यक्रम में प्रदेश की सत्तासीन भाजपा सरकार पर भी जमकर हमला बोला इसके साथ-साथ उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री,ओर सांसद अनुराग ठाकुर पर भी जमकर निशाना साधा है।

उन्होंने कहा कि 2 वर्षों से प्रदेश में विशेष रुप से सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में इस सरकार ने 1 भी काम नहीं किया है। उन्होंने कहा कि नया काम करना तो दूर जो कार्य बजट के साथ पूर्व में रही वीरभद्र सरकार ने किए थे उन कार्यों को भी यह सरकार शुरू नहीं करवा पाई है। जिसका उदाहरण शहर में बनने वाला टाउन हाल है टाउन हॉल के लिए उपयुक्त भूमि पर्याप्त बजट का प्रावधान किया था। लंबी लड़ाई लड़ने के बाद अब उस कार्य को करवाने की सहमति मिली है विधायक ने कहा कि उन्हें जो विधायक निधि मिलती है 2 वर्षों में उन्होंने उस विधायक निधि को कहां-कहां पर खर्चा है और किस-किस विकास कार्य पर इसे जारी किया है इस पैसे की पाई पाई का हिसाब भाजपा के कार्यकर्ता उनसे ले सकते हैं। विधायक राणा ने कहा कि ना तो कभी उन्होंने मौकापरस्त राजनीति की है और ना ही कभी भविष्य में करेंगे उनके पास जब भी कोई काम करवाने आया है उससे कभी उसकी जाति धर्म पार्टी नहीं पूछी गई उसका काम किया गया है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि उन्होंने भी विधानसभा चुनावों में हार स्वीकार की है लेकिन उस हार को उन्होंने मन में नहीं रखा इस हार से बहुत कुछ सीखा और फिर से जनता के बीच उनकी सेवा करने पहुंच गए।

उस सेवा का जनता ने उन्हें यह आशीर्वाद दिया कि वह फिर से विधायक बनकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने विधानसभा चुनावों में भाजपा प्रत्याशी पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हार और जीत एक सिक्के के दो पहलू हैं लेकिन जिस तरह से उन्होंने विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर की हालत कर दी है उसे क्षेत्र की जनता सहन नहीं करेगी। इस मौके पर हिमाचल सोशल मीडिया चेयरमैन अभिषेक राणा ने भी सीएए और एनआरसी मुद्दे पर केंद्र की भाजपा सरकार पर जमकर हमला किया और प्रदेश की सरकार को जमकर लताड़ लगाई इस मौके पर लेखराज ठाकुर डॉक्टर अशोक राणा, कांशी राम, कैप्टन ज्योति प्रकाश सेना मैडल, महिला मोर्चा अध्यक्ष बीना धीमान, जिलापरिषद गौरां देवी, जालंधर पंजाब से आई सर्व कल्याणकारी संस्था की टीम महिला मंडल की प्रधान उप प्रधान विशेष रूप से उपस्थित रहे।
 

kirti