Sirmour: राजगढ़ में ओलावृष्टि, फसलों को नुक्सान
punjabkesari.in Saturday, Feb 22, 2025 - 09:37 PM (IST)

राजगढ़ (गोपाल): राजगढ़ क्षेत्र के छोगटाली व कड़ा शमोगा आदि गांव में भयंकर ओलावृष्टि हुई है। शनिवार सुबह मौसम एकदम साफ था और दोपहर बाद हल्के-हल्के बादल आसमान में दिख रहे थे। लेकिन दोपहर बाद राजगढ़ से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर छोगटाली, कड़ा, शमोगा आदि गांव पर अचानक ओलावृष्टि आरंभ हो गई। ओलावृष्टि इतनी अधिक थी कि कुछ ही समय में पूरे क्षेत्र में ओलावृष्टि की सफेद चादर बिछ गई। ओलावृष्टि केवल एक सीमित क्षेत्र में हुई। इधर-उधर के क्षेत्रों में बारिश तक नहीं हुई।
यहां हैरानी का विषय है कि इन दिनों आमतौर पर ओलावृष्टि नहीं होती। क्षेत्र में इन दिनों किसानों की मटर व लहसुन के साथ फूलों की फसल लगी है। इस ओलावृष्टि से फसलों को भारी हानि हुई है। फसलों को कितना नुक्सान पहुंचा है, इस बात का आकलन तो बाद में ही हो सकता है। अभी तो खेतों में ओलावृष्टि की सफेद मोटी चादर बिछी है।