निदेशक उद्योग के पद से राजेश शर्मा का तबादला

Thursday, Oct 11, 2018 - 11:55 AM (IST)

शिमला (कुलदीप): सरकार ने आई.ए.एस. अधिकारी एवं निदेशक उद्योग राजेश शर्मा का तबादला किया है। अब उनको निदेशक महिला एवं बाल विकास विभाग का दायित्व सौंपा गया है। इस तरह राज्य सरकार ने 3 आई.ए.एस. अधिकारियों के तबादले किए हैं, साथ ही 2 आई.ए.एस. और 1 एच.ए.एस. अधिकारी को अतिरिक्त जिम्मा दिया है। तबदील किए गए अन्य आई.ए.एस. अधिकारियों में निदेशक महिला एवं बाल विकास हंस राज शर्मा को उद्योग विभाग के निदेशक पद का दायित्व दिया है। इसके अलावा विशेष सचिव शहरी विकास एवं टी.सी.पी. अरिंदम चौधरी को ए.डी.सी. के साथ प्रोजैक्ट डायरैक्टर डी.आर.डी.ए. ऊना के पद पर तबदील किया है। वह इस पद से एच.ए.एस. अधिकारी प्यार चंद अकेला को अतिरिक्त दायित्व से भारमुक्त करेंगे।

सरकार ने वरिष्ठ आई.ए.एस. अधिकारी एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त, योजना, अर्थ एवं सांख्यिकी व 20 सूत्रीय कार्यक्रम अनिल कुमार खाची को प्रधान आवासीय आयुक्त दिल्ली का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा है। उनके पास हिमाचल प्रदेश सरकार एडवाइजर (को-ऑर्डीनेशन) नई दिल्ली का दायित्व भी है। आई.ए.एस. अधिकारी एवं निदेशक एस.सी., ओ.बी.सी., अल्पसंख्यक व विशेष सक्षम विभाग हंसराज चौहान को एम.डी. हिमाचल प्रदेश अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम शिमला का अतिरिक्त दायित्य सौंपा है। सरकार ने एच.ए.एस. अधिकारी एवं सचिव राज्य चुनाव आयोग सुरजीत सिंह को उप सचिव शहरी विकास एवं टी.सी.पी. का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा है। प्रदेश सरकार की तरफ से इस आशय संबंधी अधिसूचना जारी कर दी गई है।


 

 

Ekta