राजेंद्र राणा बोले-भाजपा चुनावों के समय जनता को दिखाती है सब्जबाग

Thursday, Jan 25, 2018 - 09:47 PM (IST)

बंगाणा: सुजानपुर विस हलके के विधायक राजेंद्र राणा ने वीरवार को बंगाणा में पत्रकार वार्ता में कहा कि जब लोकसभा चुनाव नजदीक आते हैं तो सांसद अनुराग ठाकुर को ऊना से हमीरपुर रेललाइन की याद आने लगती है। उन्होंने कहा कि कि गत लोकसभा चुनाव में भाजपा देश की जनता को अच्छे दिन लाने के नाम पर गुमराह करके सत्ता में आई थी लेकिन आगामी चुनाव में मोदी सरकार जनता को कौन सा सब्जबाग दिखाएगी। देश की जनता भाजपा की कथनी व करनी को जान गई है। मोदी सरकार में महंगाई से गरीब जनता का जीना मुहाल हो गया है। पैट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। केन्द्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण लगाने में असफल रही है। पूर्व यू.पी.ए. सरकार के शासन में महंगाई पर भाजपाई बड़ा हो हल्ला करते थे लेकिन अब सब कहां छिप गए हैं।

बदले की भावना से काम न करे जयराम सरकार  
उन्होंने प्रदेश की जयराम सरकार को नसीहत देते हुए कहा कि बदले की भावना से काम करने की बजाय प्रदेश की जनता के कामों को करें। उन्होंने कहा कि पूर्व वीरभद्र सरकार ने बिना पक्षपात के प्रदेश का विकास करवाया था। इससे पहले विधायक का कुटलैहड़ के कांग्रेसियों बी.डी.सी. उपाध्यक्ष देवेंद्र भुट्टो, प्रदेश कांग्रेस सचिव विवेक शर्मा, श्रीधर शर्मा, यशपाल मनकोटिया, सुदेश कुमार, सुरेश कुमार व अन्य लोगों ने स्वागत किया।