राजेंद्र राणा ने गरीब तबके की मदद के लिए आगे आने का किया आह्वान

Sunday, May 09, 2021 - 05:14 PM (IST)

हमीरपुर : सर्व कल्याणकारी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों व पार्टी के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे कोरोना महामारी के इस दौर में सर्वाधिक प्रभावित होने वाले समाज के गरीब तबके की मदद के लिए हाथ बढ़ाएं और स्वयं को भी सुरक्षित रखते हुए ऐसे परिवारों की सहायता करें ताकि संकट की इस घड़ी में वे स्वयं को अकेला महसूस ना करें। राजेंद्र राणा आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सर्व कल्याणकारी संस्था के पदाधिकारियों, सदस्यों व पार्टी कार्यकर्ताओं केे साथ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। इस वर्चुअल बैठक में संस्था के जिला अध्यक्ष लेखराज ठाकुर सहित बड़ी संख्या में संस्था के स्वयंसेवियों व पार्टी वर्करों ने भाग लिया। 

राणा नेे कहा सर्व कल्याणकारी संस्था पिछले 20 सालों से समाज के कमजोर वर्गोंं, महिलाओं, अबलाओं व जरूरतमंदों की सेवा को पूरी तरह समर्पित रही है। पीड़ित मानवता की सेवा संस्था का परम लक्ष्य है। उन्होंने कहा कोरोना महामारी के इस दौर से वैसेे तो समाज का हर तबका और पूरा देश प्रभावित हुआ है लेकिन समाज का गरीब तबके के लिए यह स्थिति कहर बनकर आई है। उन्होंनेे कहा संकट की इस घड़ी में इस तबके को सबसे ज्यादा मदद की जरूरत है, इसलिए संस्था के स्वयंसेवियों और पार्टी वर्करों को मदद का हाथ बढ़ानाा चाहिए। सर्व कल्याणकारी संस्था का यह इतिहास रहा है कि उसने कभी भी पीड़ित मानवता की मदद से अपनेेेे हाथ पीछे नहीं खींचे। 

बैठक में सभी संस्था के पदाधिकारियों सदस्यों और पार्टी वर्करों ने राजेंद्र राणा को भरोसा दिलाया कि वे अपने सामाजिक सरोकार निभाने से कतई पीछे नहीं हटेंगे। राणा ने अन्य समाजसेवी संस्थाओं से भी संकट की इस घड़ी में गरीब तबके की मदद के लिए खुलकर आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा इस कठिन दौर में गरीब लोगों को ईश्वर भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। इस तबके को भावनात्मक संबल की भी जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी आग्रह किया कि प्रदेश में बने कोविड सेंटरों की बदहाली के आए दिन जो समाचार छप रहे हैं और लोग अपनी पीड़ा जाहिर कर रहे हैं, उनका भी संज्ञान लिया जाए और कोविड सेंटरों में पर्याप्त सुविधाएं मुहैया कराई जाएं ताकि यहां दाखिल मरीज खौफ के साए से बाहर आ सकें।
 

Content Writer

prashant sharma