राजेंद्र राणा ने ली चुटकी, बोले-क्या पन्ना प्रमुख दे पाएंगे जनता के सवालों का जवाब

Friday, Nov 30, 2018 - 11:35 PM (IST)

हमीरपुर: विधायक राजेंद्र राणा ने मंडी में केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन में किए गए आह्वान पर चुटकी लेते हुए कहा है कि भाजपा को अपने पन्ना प्रमुखों को यह प्रशिक्षण भी देना चाहिए कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों में जब जनता उनसे पिछले वायदों का हिसाब मांगेगी तो पन्ना प्रमुख जनता के सवालों का क्या जवाब देंगे। शुक्रवार को जारी एक बयान में उन्होंने कहा कि जब प्रदेश की जनता भाजपा के पन्ना प्रमुखों से यह पूछेगी कि विदेशों से काला धन वापस लाकर मोदी सरकार ने हर देशवासी के बैंक खाते में 15-15 लाख रुपए डालने का वायदा क्यों नहीं निभाया तो पन्ना प्रमुख क्या जवाब देंगे। जब युवा वर्ग उनसे पूछेगा कि हर साल 2 करोड़ युवाओं को मोदी सरकार द्वारा रोजगार देने का वायदा पूरा क्यों नहीं हुआ तो इस सवाल का भी उनके पास क्या जवाब होगा। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुखों से जनता यह भी जानना चाहेगी कि रसोई गैस के दाम दोगुने से भी ज्यादा क्यों हो गए और महंगाई पर नकेल कसने का वायदा भाजपा क्यों नहीं निभा पाई।

देश की करंसी की कीमत औंधे मुंह क्यों गिरी

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों से पहले मोदी ने अपने भाषणों में कहा था कि अगर दुश्मन देश हमारे एक सैनिक को शहीद करेगा तो हम एक सिर के बदले 10 सिर लाएंगे लेकिन क्या सचमुच मोदी सरकार ने ऐसा किया? क्या सीमा पर शहादतों का सिलसिला रुक पाया। उन्होंने कहा कि देश की करंसी की कीमत औंधे मुंह क्यों गिरी और पूर्व मनमोहन सरकार में जिस डॉलर की कीमत 55 रुपए थी, वह डॉलर 74 रुपए तक कैसे पहुंच गया। उन्होंने कहा कि पन्ना प्रमुखों के पास इस सवाल का भी क्या जवाब होगा कि मोदी शासन में भी देश में किसानों की आत्महत्या का ग्राफ  किस लिए बड़ा और लाखों किसानों ने कर्जों के मकडज़ाल में उलझ कर आत्महत्या क्यों की।

जनता समझ चुकी है भाजपा का असली चेहरा

उन्होंने कहा कि कहा कि पिछले लोकसभा चुनावों के दौरान मोदी व भाजपा नेताओं ने जनता से जो बड़े-बड़े वायदे किए थे, वे चुनावी जुमला बनकर ही क्यों रह गए और एक भी वायदा हकीकत में क्यों नहीं बदला। उन्होंने कहा कि भाजपा के झूठ की हांडी बार-बार नहीं चढऩे वाली और जनता भाजपा नेताओं की कथनी व करनी में अंतर साफ  समझ गई है।

Vijay