मुंगेरी लाल के हसीन सपने लेना छोड़ दें भाजपा नेता : राजेंद्र राणा

Wednesday, Oct 10, 2018 - 09:15 PM (IST)

सुजानपुर: लोकसभा चुनावों में हिमाचल भाजपा 4 जीरो से आऊट होकर स्टेडियम से बाहर बैठेगी। भाजपा के लोग मोदी की झोली में चारों लोकसभा सीटें डालने के मुंगेरी लाल के हसीन सपने लेना छोड़ दें क्योंकि प्रदेश की भोली-भाली जनता अब की बार भाजपा की लोक लुभावन बातों में आने वाली नहीं है। ये बात सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने प्रैस बयान में कही। उन्होंने कहा कि भाजपा अगर प्रदेश से चारों लोकसभा सीटें जीतना चाहती है तो जो वायदे 2014 के लोकसभा चुनावों से पहले सुजानपुर के ऐतिहासिक मैदान में प्रदेश की भोली-भाली जनता से नरेंद्र मोदी ने किए थे, उन्हें पूरा कर दे।

आज भी चट्टान की तरह खड़े हैं वीरभद्र सिंह
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के पास ऐसी कौन सी लोकतांत्रिक दृष्टि है जिससे वह भविष्य भी देख लेते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जब विपक्ष में होती थी तब सरकार का कितना साथ देती थी यह प्रदेश की जनता जानती है। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के 5 साल पूरा न करने व तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के जेल जाने की बातें धूमल हर समय करते रहते थे लेकिन उनका एक भी आरोप सही नहीं हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह उस समय भी चट्टान की तरह मजबूत थे और आज भी चट्टान की तरह मजबूत होकर खड़े हैं।

कागजों में योजनाएं बनाने में निकले भाजपा के 9 माह
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के 9 माह का कार्यकाल मात्र कागजों में योजनाएं बनाने में निकला है, एक भी ऐसा कार्य धरातल पर नहीं हुआ जिसका पार्टी प्रचार और प्रसार कर सके। मात्र पूर्व सरकार के दौरान हुए कार्यों का उद्घाटन करके सरकार वाहवाही लूट रही है लेकिन भाजपा के झूठ का पर्दाफाश होने वाला है।

Vijay