राजेंद्र राणा ने साधा निशाना, बोले-12 वर्षों से रेल की डुगडुगी बजाने वालों का डबल इंजन हांफा

Wednesday, Sep 11, 2019 - 04:10 PM (IST)

हमीरपुर: प्रस्तावित ऊना-हमीरपुर रेललाइन को लेकर सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर हिमाचल की जनता को सपनों का हवामहल दिखाना बंद करें। उन्होंने कहा कि 12 वर्षों से रेललाइन की डुगडुगी बजा रहे हैं और अब तो केंद्र व प्रदेश में भाजपा सरकारें हैं तो अब क्यों डबल इंजन हांफ गया है।

कागजों में ही बन रही रेललाइन

उन्होंने आरोप लगाया कि रेललाइन कागजों में ही बन रही है और कागजों में ही बजट मिलने के साथ सर्वे व डीपीआर बन रही है लेकिन लोगों के सामने सच्चाई आने पर एक-दूसरे पर ठीकरा फोड़कर बहानबाजी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इतने वर्षों से रेललाइन बिछाने के दावे किए जा रहे हैं लेकिन उसके बजट को लेकर जिस तरह केंद्र व राज्य सरकार आनाकानी कर रही है, उससे साफ है कि भाजपा सरकारें व अनुराग ठाकुर शुरू से ही इस प्रोजैक्ट पर काम करना ही नहीं चाहते तथा लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अनुराग ठाकुर का यह कागजी प्रोजैक्ट भी उनके कार्यकाल का ऐतिहासिक ख्याली पुलाव साबित होगा।

जनता की अदालत में माफी मांगें भाजपा व अनुराग ठाकुर 

उन्होंने कहा कि रेललाइन मुद्दे पर भाजपा व अनुराग ठाकुर को जनता की अदालत में माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था का मोदी सरकार में बुरा हाल हो गया है। आम आदमी से लेकर व्यापारी परेशान हो गए हैं लेकिन अनुराग ठाकुर हिमाचल सैर करने आते हैं और अच्छे दिन बताकर चले जाते हैं। उन्हें बताना चाहिए कि देश की आर्थिक स्थिति चौपट करने के बाद भी उन्हें अच्छे दिन कैसे लग रहे हैं।

Vijay