हिमाचल में बनने वाले Cement के दाम कम करने की बजाय लगातार बढ़ा रही BJP सरकार : राजेंद्र राणा

Monday, Jul 22, 2019 - 10:13 PM (IST)

सुजानपुर: प्रदेश की भाजपा सरकार हिमाचल में बनने वाले सीमैंट के भाव को कम करने की बजाय लगातार बढ़ावा देने में लगी है। क्या कारण है कि प्रदेश में बनने वाला सीमैंट प्रदेश में महंगा और यहां से बाहर भेजे जाने वाला यह सीमैंट अन्य राज्यों में सस्ता बिक रहा है। इसके पीछे सरकार क्या गोलमाल कर रही है, स्पष्ट किया जाए। उक्त शब्द कांग्रेसी विधायक राजेंद्र राणा ने भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहे। विधायक ने चेतावनी देते हुए कहा कि सत्तासीन भाजपा सरकार के जो भी कारनामे डेढ़ वर्ष के दौरान हुए हैं, उन सबको कांग्रेस पार्टी जोरशोर से मानसून सत्र में उठाएगी।

केवल मात्र हवाई सैर-सपाटे के लिए बनी है सरकार

विधायक ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है, खनन माफिया बेलगाम है, नशे का प्रचलन लगातार बढ़ रहा है। आए दिन समाचार पत्रों में रेप जैसी घटनाएं व नशे को लेकर बड़ी-बड़ी सुर्खियां पढऩे को मिल रही हैं। तमाम बातों को देखकर लगता है कि प्रदेश की सरकार केवल मात्र हवाई सैर-सपाटे के लिए बनी है। कानून व्यवस्था नाम की चीज प्रदेश से खत्म हो चुकी है। आए दिन घिनौनी वारदातें प्रदेश में घट रही हैं। प्रदेश की सड़कों की हालत इतनी बुरी है कि अगर डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में दुर्घटनाओं एवं इनमें काल के ग्रास बनने वाले लोगों का आंकड़ा देखा जाए तो यह अब तक का रिकॉर्ड बनाने वाला आंकड़ा होगा जो प्रदेश को शर्मसार करने वाला वाकया है।

भाजपा के संरक्षण से प्रदेश में बढ़ रहा खनन माफिया

उन्होंने कहा कि सड़कों की दयनीय हालत के चलते प्रदेश के सैंकड़ों घरों के चिराग बुझ चुके हैं। प्रदेश में भ्रष्टाचार, खनन माफिया व कानून व्यवस्था आदि तमाम बातें प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंची हैं लेकिन सत्तासीन भाजपा सरकार कुछ नहीं कर रही। सत्तासीन भाजपा के मंत्रियों-विधायकों के संरक्षण से प्रदेश में खनन माफिया बढ़ रहा है तथा नदियों-नालों के सीने छलनी किए जा रहे हैं। प्रदेश में गरीबी मिटाने का वायदा करके सत्ता में आई भाजपा सरकार गरीबों को मिटाने में लगी है। जबरदस्ती निर्धन परिवारों को बी.पी.एल. सूची से हटाया जा रहा है। क्या भाजपा सरकार ने कुबेर का खजाना बी.पी.एल. परिवारों को दे दिया है, जिससे यह लगता है कि प्रदेश में कोई भी गरीब नहीं बचा। गरीबों का हक मारने वाली भाजपा सरकार क्या सोचकर ऐसे कार्य कर रही है। इसका खमियाजा भुगतना पड़ेगा।

मानसून सत्र में घेरी जाएगी सरकार

उन्होंने कहा किप्रदेश में बनने वाला सीमैंट प्रदेश में महंगा है जबकि सीमैंट बनाने के दौरान जो भी कूड़ा-कर्कट वातावरण को खराब कर रहा है , उसका खमियाजा हिमाचल के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सीमैंट सप्लाई से प्रदेश की सड़कें खराब हो रही हैं लेकिन उसके बावजूद प्रदेश में सीमैंट महंगा है। प्रदेश के मुख्यमंत्री तमाम बातों पर जानकारी दें ताकि लोगों को पता चल सके कि झूठे वायदे करके सत्तासीन हुई यह भाजपा सरकार अभी आने वाले दिनों में और क्या गुल खिलाएगी। विधायक ने कहा कि जो भी कार्य भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता के खिलाफ  किए हैं, उन्हें मानसून सत्र में कांग्रेस पार्टी जोरशोर से उठाएगी और सरकार को घेरा जाएगा।

Vijay