राजेंद्र राणा का पलटवार, कहा-वीरभद्र पर केस हुए तब भी सत्य की ही हुई जीत

Saturday, Nov 03, 2018 - 11:06 PM (IST)

सुजानपुर: सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि पूर्व में जब-जब प्रदेश में भाजपा सरकार आई तब-तब प्रदेश में विकास करवाने की बजाय पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के ऊपर केवल झूठे मामले बनाने का काम किया गया था लेकिन वीरभद्र सिंह हर मामले में पाक-साफ  निकले और न्यायालय ने उन्हें हर मुकद्दमे में बाइज्जत बरी किया, उस समय भी सत्य की ही जीत हुई थी।

सागर कत्था मामले में हुई सत्य की विजय
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल एवं उनके बेटे सांसद अनुराग ठाकुर पर हमला बोलते हुए कहा कि आज ये भाजपा नेता यह कहते फिर रहे हैं कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने उनके ऊपर षड्यंत्र के तहत झूठे मामले दर्ज करवाए लेकिन भाजपा नेताओं को यह बात भी जान लेनी चाहिए कि जब प्रदेश में 1998 से 2003 तक भाजपा सरकार थी और खुद प्रेम कुमार धूमल प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तो उस समय वीरभद्र सिंह के ऊपर सागर कत्था मामला दर्ज करवाया था लेकिन उस समय भी सत्य की विजय हुई थी।

सी.डी. केस में भी वीरभद्र को मिली राहत
उसके बाद जब प्रदेश में एक बार पुन: भाजपा सरकार 2007 से 2012 तक आई तब सी.डी. केस वीरभद्र पर चलाया गया, जिस पर भी उन्हें न्यायालय से राहत मिली। उस समय भी सत्य की जीत हुई थी।

Vijay