Hamirpur: राजेंद्र राणा ने चबूतरा में आपदा प्रभावित 5 परिवारों को दी सवा 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता

punjabkesari.in Wednesday, Sep 03, 2025 - 07:15 PM (IST)

सुजानपुर (अश्वनी): सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत चबूतरा के 5 प्रभावित परिवारों के आंसुओं को पोंछने के लिए सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट और इसके संस्थापक राजेंद्र राणा सबसे पहले आगे आए और अपनी जिम्मेदारी निभाई। चबूतरा गांव में प्राकृतिक आपदा से बेघर हुए 5 परिवारों के बैंक खातों में उन्होंने सवा 2 लाख रुपए की राहत राशि बुधवार को डाल दी है। 

गौरतलब है कि घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक राजेंद्र राणा बीती रविवार देर रात ही घटनास्थल पर पहुंचे और प्रभावितों का दुख-दर्द बांटा। इस दुख की घड़ी में उन्होंने घोषणा की थी कि संस्था हर परिवार को 50-50 हजार रुपए और राशन उपलब्ध करवाएगी, जिसे पूरा कर इंसानियत की मिसाल पेश की। पीड़ित परिवारों ने भावुक होकर कहा कि राजेंद्र राणा और सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट हमारे लिए कठिन समय में मसीहा बनकर आए हैं। इस पूरे राहत कार्य की निगरानी संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक राणा कर रहे थे और स्वयंसेवकों को प्रेरित कर प्रभावित परिवारों तक सहायता पहुंचा रहे थे।

राजेंद्र राणा ने इस मौके पर कहा कि धर्म, जाति या वर्ग देखकर सेवा नहीं की जाती। असली सेवा वही है जो नि:स्वार्थ भाव से मानवता के लिए की जाए। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रकोप में हम सभी को एकजुट होकर त्रासदी से बेघर हुए परिवारों की मदद करनी चाहिए। सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट के संस्थापक होने के नाते वे हर समय उनकी मदद करने के लिए उनके साथ रात-दिन खड़े हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News