विधानसभा चुनाव : सियासी तीराें के बीच भाजपा-कांग्रेस के 2 दिग्गज नेताओं के बीच शिष्टाचार भेंट

Friday, Nov 04, 2022 - 10:10 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में जहां सियासी तीर एक-दूसरे को चुभन दे रहे हैं। वहीं इसी बीच भाजपा तथा कांग्रेस के 2 दिग्गज नेताओं के मध्य मुलाकात हुई। यद्यपि यह शिष्टाचार भेंट रही परंतु प्रदेश के राजनीतिक परिवेश में आए उफान के मध्य इस भेंट ने अवांछित टिप्पणियां करने वाले नेताओं को सबक भी दिया है। शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं सांसद राजीव शुक्ला भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार से मुलाकात करने पहुंचे। हुआ यूं कि नगरोटा बगवां में कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी की रैली में भाग लेने के लिए यह नेता पहुंचे थे।

कृषि विश्वविद्यालय मैदान पर हैलीकॉप्टर के माध्यम से कांग्रेस के कई नेता पहुंचे। यहां से इन सभी को नगरोटा बगवां का रुख करना था परंतु इससे पहले इन नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं दिग्गज भाजपा नेता शांता कुमार के यामिनी परिसर का रुख किया तथा दोनों के मध्य मुलाकात हुई। दोनों ओर के नेताओं के मध्य लगभग आधा घंटा तक शिष्टाचार वार्तालाप हुआ, जिसके पश्चात कांग्रेस के नेताओं ने नगरोटा बगवां में प्रियंका गांधी की प्रस्तावित रैली का रुख किया। राजीव शुक्ला के साथ चुनाव सह प्रभारी तजिंदर बिट्टू और अखिल भारतीय कांग्रेस के संयुक्त सचिव एवं चुनाव वॉर रूम के प्रभारी गोकुल बुटेल भी थे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay