राजीव बिंदल ने साधा निशाना, बोले-एक ही परिवार की जागीर बनकर रह गई कांग्रेस पार्टी

punjabkesari.in Thursday, Feb 13, 2020 - 09:15 PM (IST)

पांवटा साहिब (प्रेम वर्मा): हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार पांवटा साहिब पधारे डॉ. राजीव बिंदल का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर पांवटा साहिब के रामलीला मैदान में अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि देश की भाजपा पार्टी एक ऐसी पार्टी है जिसमें गरीब से गरीब कार्यकर्ता अपने काम के दम पर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री बन सकता है। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा बिलासपुर के छोटे से गांव के रहने वाले हैं जोकि छात्र राजनीति से चलकर भाजपा के सर्वोच्च पद तक पहुंचे। इसके विपरीत कांग्रेस पार्टी एक ही परिवार की जागीर बनकर रह गई है।

नगर निकायों के चुनाव सिर पर, कार्यकर्ता कस लें कमर

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कमर कसने का आह्वान करते हुए कहा कि नगर निकायों के चुनाव सिर पर हैं तथा सभी कार्यकर्ता एकजुट हो जाएं और अपने निजी स्वार्थों को दूर कर पार्टी हित के लिए काम करें। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में व प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में सरकार गरीब और आम लोगों के हितों में काम कर रही है, ऐसे में कार्यकर्ताओं का कर्तव्य है कि जनहित की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने इस मौके पर स्थानीय विधायक सुखराम चौधरी की भी जमकर तारीफ की। वहीं इस अवसर पर पांवटा भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने भाजपा अध्यक्ष से विधायक सुखराम चौधरी को हिमाचल मंत्रिमंडल में स्थान देने की गुजारिश की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News