राजन सुशांत ने किसान बिल पर सीएम जयराम को दी खुली बहस की चुनौती

Sunday, Dec 20, 2020 - 09:14 PM (IST)

हमीरपुर (अनिल): हमारी पार्टी हिमाचल पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद राजन सुशांत ने कृषि कानूनों पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को खुली बहस करने की चुनौती दी है। हमीरपुर में हमारी पार्टी हिमाचल पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी की 2 दिवसीय बैठक के दूसरे दिन पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को चुनौती दी कि वह सार्वजनिक मंच पर कृषि कानूनों को लेकर उनसे बहस करें। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जो 3 बिल लाए हैं वे किसान विरोधी हैं और वे किसानों का समर्थन करते हैं। जिस प्रकार दिल्ली में किसानों का ऐतिहासिक आंदोलन चल रहा है यह देश की राजनीति को बदलने जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने किसान विरोधी एक्ट को ठीक सिद्ध करने के लिए पूरी ताकत लगा दी है। सारे संगठन का यही प्रयास है कि इस बिल को लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि अन्ना हजारे ने भी कहा है कि वे किसानों के विरोध में लाए गए बिल के खिलाफ आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में प्रदेश में किसानों को जागरूक करने के लिए जनजागरण अभियान चलाया जाएगा और विरोध प्रदर्शन भी किया जाएगा। यह अभियान 3 जनवरी से 23 जनवरी तक प्रदेशभर के 40 विधानसभा क्षेत्रों में चलाया जाएगा और जिला के 4 बड़े मुद्दों पर 2 घंटे का सांकेतिक धरना भी दिया जाएगा। इसके अलावा जिला कार्यकारिणी तथा मंडल कार्यकारिणी का गठन भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अन्ना हजारे के किसान आंदोलन में सम्मिलित होते ही वह मंच पर जाकर उनको समर्थन देंगे। पार्टी पूरी तरह से किसानों के आंदोलन के साथ है तथा आंदोलन को समर्थन देने के लिए कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे। राजन सुशांत का कहना है कि केंद्र सरकार शक्तियों का केंद्रीयकरण कर रही है जिससे देश में ये लोकतांत्रिक व्यवस्था के अंतिम चुनाव साबित होंगे। आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी पूरी तरह से तैयार है तथा सभी विधानसभा क्षेत्रों पर चुनाव लड़ा जाएगा। पुरानी पैंशन योजना को बहाल करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

Vijay