यहां बारिश के चलते हुआ भूस्खलन, भवनों के गिरने का बना खतरा

Thursday, May 10, 2018 - 09:27 AM (IST)

शिमला: राजधानी शिमला में भारी बारिश व ओलावृष्टि से खासा नुक्सान हुआ है। भारी बारिश के बाद ढली-संजौली बाईपास के बीच लंबीधार क्षेत्र में भू-स्खलन होने से यहां भवनों के गिरने का खतरा बना हुआ है। बीते रोज शिमला में ओलावृष्टि के दौरान लंबीधार मार्ग के किनारे पहाड़ दरक गया, जिससे पहाड़ी पर बने कई भवनों को खतरा बन गया है। यहां पैट्रोल पंप के साथ सटे भू-भाग का काफी कटाव हो चुका है। इससे पहले भी इस क्षेत्र में कई बार भू-स्खलन हो चुका है। एक बार भू-स्खलन की चपेट में आने से प्रदेश विश्वविद्यालय में तैनात अधिकारी का 4 मंजिला भवन ढह गया था। उसके बाद स्थानीय लोग यहां भय के साये में जीवन यापन कर रहे हैं। मंगलवार को फिर से भू-स्खलन होने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

यहां पर एक स्थिति यह भी
यहां पर ऐसे कई दर्जनों भवन हैं जो इसकी चपेट में आ सकते हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में आवश्यक कार्य करने की मांग उठाई है, साथ ही आग्रह किया है कि यहां उचित डंगे लगाए जाएं। यहां पर एक स्थिति यह भी है कि जिस स्थान पर भू-स्खलन हो रहा है, वह निजी संपत्ति है। इस कारण यहां पर किसी प्रकार की सेफ्टी वॉल आदि का निर्माण आसान नहीं है। यह क्षेत्र भू-स्खलन प्रभावित है, बावजूद इसके लोग यहां पहाड़ों को काट-काट कर भवनों का निर्माण कर रहे हैं। 

kirti