हिमाचल में 3 दिन बाद फिर शुरू होगा बारिश का सिलसिला

Saturday, Jun 23, 2018 - 10:26 PM (IST)

शिमला: प्रदेश में 3 दिन के बाद एक बार फिर से बारिश का सिलसिला शुरू होगा। मौसम विभाग ने 27 से 30 जून तक प्रदेश भर में बारिश होने की संभावनाएं जताई हैं। प्रदेश के मध्य पर्वतीय क्षेत्रों सहित उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हालांकि 25 और 26 जून को भी बारिश होने के आसार हैं। रविवार को मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 26 तक मौसम साफ रहने की संभावना है।


जुलाई माह के पहले सप्ताह में पहुंच सकता है मानसून
प्रदेश में जुलाई महीने के पहले सप्ताह में मानसून पहुंचने की संभावना है। शनिवार को प्रदेश भर में सुबह के समय धूप खिली लेकिन दोपहर बाद हल्के बादल छाए रहे। हिमाचल के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश नहीं होने से मौसम में उमस बढ़ गई है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी शनिवार को मौसम साफ रहने के साथ-साथ हल्के बादल छाए रहे। मैदानी क्षेत्रों में शनिवार को अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की कमी दर्ज हुई। इसके चलते लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।


कहां रहा कितना तापमान
शनिवार को नाहन में अधिकतम तापमान 34.3, ऊना-भुंतर में 34.0, बिलासपुर में 32.3, चम्बा में 32.7, सुंदरनगर में 32.6, कांगड़ा में 32.0, धर्मशाला में 31.2, हमीरपुर-सोलन में 30.5, शिमला में 24.9 और डल्हौजी में 20.5 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

Vijay