हिमाचल में बारिश-बर्फबारी का क्रम जारी, फिर लौटी ठंड

Monday, Feb 20, 2017 - 12:16 AM (IST)

शिमला: प्रदेश की ऊंची पर्वत शृंखलाओं सहित जनजातीय क्षेत्रों में एक बार फिर से बर्फबारी और कुछेक क्षेत्रों में हल्की बारिश का क्रम दोपहर बाद शुरू हुआ, जिससे एक बार फिर से ठंड लौट आई है। रुक-रुक कर हो रही बर्फबारी और बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग की मानेंतो पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सैल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। जनजातीय क्षेत्र केलांग में पिछले 24 घंटों के दौरान 5 सैंटीमीटर ताजा हिमपात दर्ज किया गया। इसके अलावा कुछेक मध्यम तथा मैदानी क्षेत्रों में बारिश होने से किसानों ने राहत की सांस ली है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने यह जानकारी दी है।

इन पर्यटन स्थलों में हुई हल्की बारिश
राजधानी व इसके आसपास के क्षेत्रों में सुबह से मौसम खराब बना रहा। रुक-रुक कर बूंदाबांदी का क्रम भी जारी रहा। शाम के समय पर्यटन स्थलों कुफरी, नारकंडा, चायल व इसके आसपास के क्षेत्रों में शाम के समय हल्की बारिश का क्रम शुरू हुआ, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं भरमौर में सबसे अधिक 10 मिलीमीटर बारिश हुई। इसी तरह से मनाली में 3 मिलीमीटर, सलूणी 2, केलांग 2, चम्बा 1, कल्पा 1.5 व भुंतर में 0.1 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। अगले 2-3 दिनों मेें प्रदेश के कुछेक क्षेत्रों में बारिश व बर्फबारी का क्रम जारी रहेगा। 

23 फरवरी से साफ रहेगा मौसम 
20 फरवरी को मैदानी क्षेत्रों में एक या दो स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है। मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है। 21 फरवरी को मैदानी क्षेत्रों सहित मध्यम ऊंचाई व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक या दो स्थानों पर बारिश व बर्फबारी के आसार हैं। 22 फरवरी को मैदानी क्षेत्रों में सामान्य तौर पर मौसम साफ रहेगा। मध्यम ऊंचाई व ऊंचाई वाले क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर बारिश का क्रम जारी रहेगा। 23 फरवरी से प्रदेश भर में मौसम साफ रहेगा, ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में वृद्धि दर्ज की जा सकती है।