बारिश ने सुजानपुर PWD को दिए 1 करोड़ रुपए के गहरे जख्म

Sunday, Aug 19, 2018 - 01:30 PM (IST)

सुजानपुर (अश्विनी): बारिश ने लोक निर्माण विभाग मंडल सुजानपुर को 1 करोड़ रुपए के गहरे जख्म दिए हैं। सुजानपुर उपमंडल के सभी मार्गों पर बेरहम बारिश का असर देखने को मिला है। कहीं सड़कें बह जाना, कहीं पर पुल गिर जाना व कहीं पर ल्हासे गिरना तमाम ऐसे बेरहम नुकसान बारिश ने लोक निर्माण विभाग सुजानपुर को दिए हैं। लगातार हो रही बारिश से विभाग ने आकलन करके यह नुक्सान संबंधी रिपोर्ट बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजी है। बनाई गई इस रिपोर्ट में सबसे ज्यादा नुक्सान लोक निर्माण विभाग को सुजानपुर नादौन मुख्य मार्ग पर हुआ है। 

उन्होंने लगातार युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए यातायात बहाल किया जिस कारण कोई भी मार्ग 1-2 घंटे से ज्यादा बंद नहीं हुआ। विभागीय मशीनरी 24 घंटे मुख्य मार्गों पर कार्य करती रही। भारी बारिश के चलते कुछ समय के लिए विभागीय मशीनरी ने आराम लिया है लेकिन जहां भी जिस समय कोई भी मार्ग यातायात अवरुद्ध हुआ, वहां पर विभागीय टीम ने मशीनरी सहित पहुंचकर यातायात सुविधा बहाल करवाई है। 

विभाग के कनिष्ठ अभियंता प्रविंदर कुमार ने जानकारी देते हुए बताया हाल ही में सप्ताह भर पहले सुजानपुर में बारिश ने जो कहर बरपाया है उससे सबसे ज्यादा नुक्सान लोक निर्माण विभाग सुजानपुर के क्षेत्र में हुआ है, जिसमें विभाग ने प्रथम आकलन के तहत 1 करोड़ रुपए का नुक्सान दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा, किन्हीं रास्तों पर जाम की स्थिति बनी लेकिन विभागीय टीम एवं मशीनरी 24 घंटे कार्य करती रही। नुक्सान संबंधी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है। जहां-जहां पर नुक्सान हुआ है, मौसम साफ  होते ही कार्य युद्ध स्तर पर शुरू करवाए जाएंगे। 

Ekta