ऊना में बारिश से 14.77 करोड़ का नुक्सान

Tuesday, Aug 20, 2019 - 02:15 PM (IST)

ऊना (विशाल): पिछले 2 दिनों से हो रही भारी बारिश की वजह से जिला ऊना में 14.77 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। डी.सी. ऊना संदीप कुमार ने बताया कि जिला में विभिन्न सड़कें टूटने से पी.डब्ल्यू.डी. विभाग को 4.62 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। आई.पी.एच. की विभिन्न योजनाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं जिनमें 72 सिंचाई योजनाएं तथा 79 पेयजल योजनाएं शामिल हैं। एक सीवरेज स्कीम को भी क्षति पहुंची है। इससे विभाग को 5.51 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है। स्वां नदी फ्लड मैनेजमेंट प्रोजेक्ट के हरोली सर्कल को 1.48 करोड़ तथा ऊना व गगरेट सर्कल को 2.83 करोड़ रुपए का नुक्सान हुआ है।

डी.सी. ने बताया कि भारी बारिश की वजह से बिजली विभाग की लाइनों को भी क्षति पहुंची है। बिजली विभाग को 27.30 लाख रुपए का नुक्सान हुआ है। इसके अलावा नगर परिषद ऊना को भी 5 लाख रुपए का नुक्सान उठाना पड़ा है।

 सड़कें खोलने के प्रयास जारी

डी.सी. ने कहा कि भारी बारिश और भू-स्खलन के चलते जिला में कई सड़कें बाधित हुई थीं जिनमें से अधिकतर को यातायात के लिए खोल दिया गया है। पी.डब्ल्यू.डी. के बंगाणा उपमंडल में अभी भी 3 सड़कें बंद हैं। डी.सी. ने कहा कि पी.डब्ल्यू.डी. विभाग जल्द इन सड़कों को बहाल करने का प्रयास कर रहा है।

Edited By

Simpy Khanna