राहुल गांधी ने जारी किया फरमान, शक्ति प्रोजैक्ट से जुड़ना है तो Enter करवाओ नाम

Sunday, May 27, 2018 - 06:09 PM (IST)

शिमला (राक्टा): आगामी लोकसभा चुनावों की तैयारियों में जुटी कांग्रेस अपने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का डाटा तैयार करेगी। इसके तहत पहले चरण में पार्टी ने अखिल भारतीय कांग्रेेस कमेटी (ए.आई.सी.सी.) और प्रदेश कांग्र्रेस कमेटी (पी.सी.सी.) के सदस्यों को डाटा तैयार करने का निर्णय लिया है, ऐसे में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने अन्य राज्यों के साथ-साथ प्रदेश कांगे्रस कमेटी को भी व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत सभी पदाधिकारियों को शक्ति प्रौजेक्ट से जोड़ने के लिए उचित कदम उठाने को कहा गया है, ऐसे में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी सभी पदाधिकारियों को जल्द से जल्द अपना डाटा भेजने को कहा है।


रजिस्ट्रेशन के लिए मैसेज कर भेजना होगा वोटर कार्ड का नंबर
बता दें कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने सभी पदाधिकारियों को संगठन की गतिविधियों व अन्य कार्यक्रमों से सीधे जोड़नेके लिए एक प्रोजैक्ट शुरू किया है। इसके तहत प्रदेश से ए.आई.सी.सी. सदस्यों तथा प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्यों को एक मोबाइल नंबर पर अपने वोटर कार्ड का नंबर मैसेज करके भेजना होगा। इसके बाद संबंधित नेता का इस प्रोजैक्ट में रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। इसके पश्चात उसे पार्टी के कार्यक्रमों और तमाम अपडेट्स की सीधी जानकारी मिलती रहेगी।


हाईकमान ने मांगी रिपोर्ट
इस प्रोजैक्ट को पहले दिल्ली और राजस्थान से शुरू किया गया लेकिन अब सभी प्रदेशों के ए.आई.सी.सी. व पी.सी.सी सदस्यों को इससे जुडऩे के लिए कहा गया है, ऐसे में पार्टी की तरफ से सभी ए.आई.सी.सी. महासचिवों, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व कांग्रेस विधायक दल के नेताओं को पत्र लिखा गया है। इसमें कहा गया है कि इस पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी निगरानी रख रहे हैं। सूचना के अनुसार पार्टी हाईकमान ने 5 जून माह तक इस संदर्भ में पूरी रिपोर्ट मांगी है।


प्रोजैक्ट को लेकर डाटा डिपार्टमैंट तैयार
कांग्रेस ने एक डाटा डिपार्टमैंट बनाया है। प्रोजैक्ट शक्ति की पूरी जिम्मेदारी इसी विभाग की है। प्रोजैक्ट के तहत अपने मोबाइल नंबर से जैसे ही कोई सदस्य अपना वोटर कार्ड नंबर मैसेज करेगा, वैसे ही उसका पता, बूथ आदि जानकारी पार्टी के पास पहुंच जाएगी। रजिस्ट्रर करवाने वाले सदस्यों को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा जाएगा और उनके पास जानकारियां पहुंचाई जाएंगी।


क्या बोले पार्टी प्रवक्ता संजय चौहान
प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता संजय सिंह चौहान ने कहा कि पार्टी हाईकमान द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के तहत उचित कदम उठाए जा रहे हंै। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर भी कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का डाटा तैयार कर रही है।

Vijay