राहुल गांधी झूठ बोलने में माहिर, कांग्रेस विकास विरोधी : अनुराग

Wednesday, Oct 10, 2018 - 10:17 PM (IST)

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश लोकसभा में पार्टी मुख्य सचेतक एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष झूठ बोलने में माहिर हैं। उसी प्रकार कांग्रेस के अन्य लोग भी चुनावों के समय जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन उन्हें मालूम होना चाहिए कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि वह हमेशा विकास का विरोध करती आई है। वह हमीरपुर में दिशा की बैठक लेने के उपरांत पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गत 5 वर्षों तक कांग्रेस की प्रदेश सरकार ने केंद्र के प्रोजैक्टों में अड़ंगा डाले रखा और उन्हें धरातल पर चलने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 2012 से 2017 तक रही पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत हुए प्रोजैक्टों के शिलान्यास और उद्घाटन करवाने वाले कांग्रेस के नेता आज भाजपा से सवाल पूछ रहे हैं जबकि आज जनता उन कांग्रेस नेताओं से पूछ रही है कि झूठे शिलान्यासों के लिए कब बजट आएगा।

वीरभद्र सिंह ने की थी उद्घाटन रुकवाने की कोशिश
उन्होंने कहा कि अम्ब-इंदौरा रेलवे स्टेशन का जब मैं उद्घाटन करवा रहा था तो तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने उस उद्घाटन को रुकवाने के लिए जोर लगाया। इससे साबित होता है कि कांग्रेस हमेशा विकास कार्यों को रोकने का काम करती आई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक स्थिति में बेहतर सुधार हुआ है तथा देश को पूरे विश्व में नई पहचान मिली है।

खेलों का बुनियादी ढांचा मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध
उधर, हिमाचल प्रदेश ओलिम्पिक संघ की वार्षिक बैठक में उन्होंने कहा कि एक संघ के तौर पर हम प्रदेश में खेलों का बुनियादी ढांचा मजबूत करने और प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को निखारने व उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि ओलिम्पिक संघ पदक विजेताओं और मेधावी खिलाडिय़ों, कोच, एसोसिएशन और टीमों के अन्य सहायक कर्मचारियों का सम्मान करने के लिए वार्षिक पुरस्कार समारोह आयोजित करेगा। इसमें हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ खेल मंत्री गोविंद ठाकुर को आमंत्रित किया जाएगा। बैठक में प्रदेश में खेल गतिविधियों को मजबूत करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चाएं की गईं।

Vijay