कांग्रेस से वसूला जाए राहुल गांधी की रैली का खर्च

Tuesday, Sep 18, 2018 - 10:29 AM (IST)

शिमला: पूर्व कांग्रेस कार्यकाल के दौरान हुई राहुल गांधी की रैली को सरकारी कार्यक्रम बनाने का मामला एक बार फिर से तूल पकड़ रहा है। इस रैली में हुए खर्च को लेकर राष्ट्रीय श्रम दिवस के दिन हिमाचल परिवहन मजदूर संघ ने कांग्रेस से पूरा खर्च वसूल करने का मामला प्रदेश सरकार के समक्ष उठाया है। इस संबंध में संघ ने निगम प्रबंधन को ज्ञापन सौंपकर सरकार से इस संबंध में कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। 

राष्ट्रीय श्रम दिवस पर परिवहन मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं ने एच.आर.टी.सी. के मुख्य कार्यालय शिमला में नारेबाजी कर एच.आर.टी.सी. प्रबंधन को ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही इस दौरान पूर्व प्रबंधक निदेशक और उनके निजी सचिव के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज करने का भी मामला उठाया। इसके साथ ही परिवहन मजदूर संघ ने धर्मशाला में भ्रष्टाचार के संगीन आरोपों से घिरे और प्रबंधन द्वारा सस्पैंड किए गए मंडलीय प्रबंधक के खिलाफ भी प्रदेश सरकार के निर्देश के अनुसार एफ.आई.आर. दर्ज करने का मामला उठाया है।

संघ ने इस दौरान अतिरिक्त पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कांग्रेस की रैलियों के लिए भेजी गईं बसों के किराए की वसूली 1 महीने के अंदर सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। परिवहन मजदूर संघ के कार्यकर्ताओं ने इस दौरान पूर्व निगम प्रबंधक के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर निगम प्रबंधन से जल्द कानूनी कार्रवाइ करने की मांग उठाई है।

Ekta