सतपाल सत्ती का बयान, बोले- राफेल मामले में झूठ बोल रहे हैं राहुल गांधी

Saturday, Oct 13, 2018 - 10:46 AM (IST)

शिमला : हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी पर राफेल मामले में राजनीतिक महत्वकांक्षा के चलते लगातार झूठ बोलने का आरोप लगाया है। उन्होंने देश के पहले प्रधानमंत्री से लेकर राहुल गांधी तक भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष दुश्मनों की भाषा बोल रहे हैं जबकि भाजपा के लिए देश की सुरक्षा सर्वोपरि है। सत्ती ने यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि कांग्रेस और भ्रष्टाचार का चोली-दामन का साथ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राजीव गांधी देश के प्रधानमंत्री थे तो क्वात्रोची रक्षा सौदों में मिडिल मैन की भूमिका निभाता था। इसी तरह उन्होंने संजय भंडारी से लेकर रॉबर्ट वाड्रा पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी के पास राफेल मामले में कोई सबूत है तो उसे जनता के समक्ष लाना चाहिए। साथ ही न्यायालय का दरवाजा भी उनके लिए खुला है। उन्होंने कहा कि अगर एक पैसे की गड़बड़ भी राफेल रक्षा सौदे के मामले में हुई होगी तो भाजपा को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि केवल अनर्गल आरोपों को लगाना सही नहीं है बल्कि तथ्यों पर आधारित बातचीत करनी चाहिए। 

kirti