राहुल गांधी के चहेते आपत्तिजनक पोस्टें डाल भगवान को कर रहे अपमानित: अनुराग

Tuesday, Sep 04, 2018 - 11:10 AM (IST)

हमीरपुर (राजीव): जन्माष्टमी के पावन अवसर पर पूर्व सीपीएस व पूर्व जवाली विधायक नीरज भारती ने भगवान श्रीकृष्ण पर आपत्तिजनक पोस्ट शेयर किया है। जिस पर ऐतराज जताते हुए लोकसभा में मुख्य सचेतक व सांसद अनुराग ठाकुर ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने भगवान कृष्ण व गोपियों की डाली एक पोस्ट को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी व सोनिया गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि एक तरफ तो पूरा देश जन्माष्टमी मना रहा है और उत्साह में है, वहीं दूसरी तरफ राहुल के चहेते सोशल मीडिया में ऐसी पोस्टें जिसमें की गोपियों को नग्न अवस्था में दिखाया हुआ है, यह तस्वीर डालकर भगवान कृष्ण को अपमानित कर रहे हैं। 

हमीरपुर में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उन्होंने कहा कि यह पोस्ट एक बड़े कलंक की तरह है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल हिंदू होने का ढोंग करते हैं। एक ओर तो मानसरोवर और चीन जाने की बात करते हैं और दूसरी ओर अपने चहेतों के माध्यम से देश की संस्कृति पर प्रहार करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सोनिया को जवाब देना होगा। चुप रहने से कुछ नहीं होगा। क्या वह भगवान श्रीकृष्ण व महिलाओं के खिलाफ हैं। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के बड़े प्रोजैक्टों के बारे में पूछे प्रश्न पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने अपने 4 वर्षों के कार्यकाल में अधिकांश प्रोजैक्टों को रोके रखा तथा अब उनमें तेजी आई है। 

एम्स के लिए 905 करोड़ टैंडर हो गया तथा जमीन भी उपलब्ध हो गई है। ऊना में डॉक्टरों की तैनाती तथा केंद्र से अनुमति मिलते ही कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। हमीरपुर में मैडीकल कालेज शुरू किया। तकनीकी वि.वि. हमीरपुर 5 साल लटकी रहा, उसका इसी माह कक्षाओं का शुभारंभ करने जा रहे हैं। हाईड्रो इंजीनियरिंग कालेज बिलासपुर निर्माण कार्य की स्थिति में पहुंचा है। ट्रिप्पल आई.टी. इंजीनियरिंग कक्षाओं की शुरूआत भी की है। उन्होंने कहा कि ऊना-हमीरपुर रेल का पहले बेसिक सर्वे फिर करोड़ों खर्च फाइनल लोकेशन सर्वे किया तथा करोड़ों के बजट का प्रावधान किया गया तथा इसी वर्ष इसका कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा।

 

Ekta