शहादतों पर सवाल उठाने वाले कभी नहीं बन सकते देशभक्त : धूमल

Thursday, Jul 26, 2018 - 06:16 PM (IST)

हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि जो लोग आज वीर सैनिकों की कुर्बानी पर सवाल खड़े कर रहे हैं, वे कभी भी देशभक्त नहीं हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के बाद 1947-48 और 1962, 1965 व 1971 के युद्धों में भारतीय सेेना जीती थी लेकिन देश में नेतृत्व की कमी के चलते राजनीतिक टेबल पर भारत को हार मिली थी, जिसके चलते ही आज तक कश्मीर की समस्या बनी हुई है। अगर नेतृत्व क्षमता ठीक होती तो शायद 1947-48 में ही कश्मीर समस्या का हल हो जाता।


सर्जिकल स्ट्राइक को जुमला बताने वालों की वजह से है कश्मीर समस्या
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल टौणी देवी में कारगिल शहीदी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी सर्जिकल स्ट्राइक को जुमला बता रहे हैं लेकिन उनकी सरकारों के कार्यकाल में ही कश्मीर समस्या उत्पन्न हुई थी इसलिए वीर सैनिकों की कुर्बानी पर संदेह खड़े करने वाले कभी देशभक्त नहीं बन सकते हैं।


1999 के कारगिल युद्ध की यादों को किया ताजा
उन्होंने 1999 के कारगिल युद्ध की यादों को ताजा करते हुए तथा युद्ध के दौरान वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कारगिल जाने वाली घटनाओं को भी पूर्व सैनिकों से सांझा किया तथा कारगिल युद्ध के शहीद सैनिकों के साथ ही देश के सभी युद्धों में शहीद हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर रिटायर कर्नल रमेश चंद शर्मा व कै. रणजीत सिंह व कै. कालीदास ने भी पूर्व सैनिकों को संबोधित किया।


5 शहीदों के परिजन किए सम्मानित
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने सुजानपुर विस क्षेत्र से कारगिल युद्ध में शहीद हुए 5 सैनिकों के परिजनों को सम्मानित किया, जिसमें शहीद हवलदार कश्मीर सिंह की पत्नी सवीना कुमारी ऊहल, शहीद हवलदार राजकुमार के भाई कृष्ण देव बगलू, शहीद सैनिक दिनेश कुमार के पिता भूप सिंह अंदराल, शहीद सिपाही सुनील कुमार की माता सत्या देवी तनेकड़ व राकेश कुमार की माता लीला देवी पलाही शामिल रहे।


ये रहे कार्यक्रम में मौजूद
इस अवसर पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नरेंद्र अत्री, जिला भाजपा अध्यक्ष अनिल ठाकुर, भाजपा नेता अंकुश दत्त शर्मा, विजय बहल, वीरेंद्र ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष राकेश ठाकुर, भाजपा ग्राम केंद्र टौणी देवी के अध्यक्ष दिनेश चौहान, छत्रैल बूथ के अध्यक्ष प्यार सिंह ठाकुर, तिलक राज बहल, पुन्नू राम, हरनाम सिंह, अंजना ठाकुर, अर्चना चौहान व अश्विनी कुमार सहित तमाम पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Vijay