खेल स्टेडियम डल्हौजी के द्वितीय चरण पर व्यय होंगे 8.10 करोड़ : विक्रमादित्य सिंह

Wednesday, Jun 07, 2023 - 07:17 PM (IST)

डल्हौजी (शमशेर): लोक निर्माण, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि डल्हौजी में खेल स्टेडियम के तहत द्वितीय चरण के निर्माण कार्य पर 8 करोड़ 10 लाख की धनराशि व्यय की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि स्टेडियम के निर्मित होने से खिलाड़ियों को विभिन्न आऊटडोर खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। विक्रमादित्य सिंह ने प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बनीखेत और डल्हौजी का दौरा कर खेल स्टेडियम का निरीक्षण किया। डल्हौजी कस्बे के सदर बाजार स्थित निर्माणाधीन खेल स्टेडियम के तहत प्रथम चरण के कार्य को जल्द पूरा करने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 2 करोड़ 10 लाख रुपए की स्वीकृत धनराशि डल्हौजी खेल स्टेडियम के तहत प्रथम चरण के निर्माण कार्य पर व्यय की जा रही है। 

द्वितीय चरण के तहत निर्माण कार्य को शुरू करने के लिए विक्रमादित्य सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को जल्द विभागीय प्रक्रिया पूरा करने के निर्देश भी जारी किए। इस दौरान पुराना बस स्टैंड डल्हौजी के समीप नगर परिषद द्वारा इंडोर खेल स्टेडियम और पार्किंग निर्माण को लेकर तैयार की गई कार्ययोजना को कैबिनेट मंत्री के समक्ष नगर परिषद के अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से रखा। विक्रमादित्य सिंह ने बनीखेत कस्बे के पधर खेल मैदान के निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों से मैदान के उन्नयन व विस्तार कार्यों को लेकर प्राकलन तैयार करने के निर्देश जारी किए। उन्होंने ये निर्देश भी जारी किए कि यहां इंडोर खेल स्टेडियम बनाने और उपलब्ध भूमि के आधार पर संभावित सभी खेल गतिविधियों को प्राकलन का हिस्सा बनाया जाए। 

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को नशे के दलदल से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ाने और खेल अधोसंरचना विकास को लेकर गंभीर है, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार समाज के समस्त वर्गों के समान एवं संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के कार्यान्वयन के साथ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित बनाया जा रहा है। इससे पहले विक्रमादित्य सिंह का बनीखेत पहुंचने पर पूर्व मंत्री आशा कुमारी ने स्वागत किया। महासचिव प्रदेश कांग्रेस कमेटी धर्म सिंह पठानिया, वरिष्ठ प्रवक्ता प्रदेश कांग्रेस कमेटी अमित भरमौरी, डीसी अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग दिवाकर पठानिया और एसडीएम डल्हौजी अनिल भारद्वाज सहित क्षेत्र के गण्यमान्य लोग इस अवसर पर उपस्थित रहे।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay