पंजाब के CM भगवंत सिंह मान की मां हरपाल कौर ने चिंतपूर्णी व बगलामुखी मंदिर में भरी हाजिरी

Wednesday, Apr 06, 2022 - 06:04 PM (IST)

ऊना/कांगड़ा (अमित/राजीव): बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की माता हरपाल कौर ने विश्व विख्यात धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी व बगलामुखी मन्दिर में हाजिरी भरी। दोनों धार्मिक स्थलों में पुजारियों ने उन्हें विधिवत तरीके से दर्शन करवाए। बता दें कि पंजाब में चुनावों से पहले भी भगवंत मान की मां ने चिंतपूर्णी दरबार में हाजिरी लगाई थी और भगवंत मान के मुख्यमंत्री बनने को लेकर मन्नत मांगी थी, जिसके पूरे होने पर उन्होंने दरबार में माथा टेका।

वहीं बगलामुखी मंदिर में हरपाल कौर ने पारिवारिक और पंजाब की सुख-शांति के लिए हवन यज्ञ भी करवाया। इसके उपरांत उन्होंने साथ ही बने प्राचीन शिव मंदिर में भी शीश नवाया। बता दें कि हरपाल कौर इससे पहले भी 2-3 बार बगलामुखी मंदिर आ चुकी हैं लेकिन भगवंत मान के पंजाब के मुख्यमंत्री बनने के बाद वे पहली बार बगलामुखी मंदिर पहुंची हैं। वहीं जब बगलामुखी मंदिर पहुंचे पंजाब के श्रद्धालुओं को पता चला कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की माता मंदिर आई हैं तो काफी संख्या में श्रद्धालु उनके साथ सेल्फी लेते नजर आए। वहीं हरपाल कौर ने पत्रकारों से किसी भी विषय पर बात करने से इंकार कर दिया।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay