पंजाब के सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने मां नयनादेवी के दरबार में भरी हाजिरी

Monday, Feb 07, 2022 - 06:26 PM (IST)

बिलासपुर (मुकेश): पंजाब का मुख्यमंत्री प्रत्याशी घोषित होने के बाद सीएम चरणजीत सिंह चन्नी हिमाचल के शक्तिपीठों में शीश नवाने पहुंचे हुए हैं। इसी कड़ी में उन्होंने जिला बिलासपुर के विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में विधिवत रूप से गर्भगृह में पूजा-अर्चना की। चरणजीत सिंह चन्नी ने माता के दरबार में चांदी का छत्र, झंडा, चुनरी और माता को चांदी के नेत्र अर्पित किए। इसके अलावा उन्होंने शिव शंकर भगवान की भी मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना की और प्राचीन हवन कुंड में आहुतियां डालीं। मंदिर न्यास की तरफ से उन्हें माता की चुनरी और फोटो भेंट की गई। पत्रकारों से बातचीत करते हुए चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि पंजाब और हिमाचल के दोनों धार्मिक स्थल श्री आनंदपुर साहिब और श्री नयनादेवी पंजाब में कांग्रेस सरकार बनने के बाद रोपवे के द्वारा जोड़े जाएंगे। चन्नी ने कहा कि माता के आशीर्वाद से उन्हें मुख्यमंत्री का प्रत्याशी घोषित किया गया है और वह प्रत्याशी घोषित होने के तुरंत बाद माता के दर्शनों के लिए पहुंचे हैं। 

माता के दरबार में सिर्फ धार्मिक बातें, राजनीति की बात नहीं

पंजाब में नवजोत सिंह सिद्धू और उनके बीच में चल रही वर्चस्व की लड़ाई के बारे में जब पत्रकारों ने प्रश्न पूछा तो चन्नी ने कहा कि माता के दरबार में सिर्फ धार्मिक बातें होंगी, राजनीति की बात नहीं करेंगे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पंजाब चन्नी का पहले भी दो बार माता के दरबार में आने का कार्यक्रम स्थगित हो गया था लेकिन इस बार पंजाब के मुख्यमंत्री के रूप में प्रत्याशी घोषित होने के बाद वे तुरंत माता के दरबार में पहुंचे और मां का शुभ आशीर्वाद प्राप्त किया व जीत के लिए प्रार्थना की। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay