डिपुओं में दालें हुईं सस्ती, 1 लाख परिवारों को मिलेंगे फ्री गैस कनैक्शन (Video)

Friday, Jun 08, 2018 - 11:39 PM (IST)

शिमला: राज्य सरकार ने डिपुओं के माध्यम से मिलने वाली दालों और चीनी के मूल्य में कटौती करने का निर्णय लिया है। इसके तहत दाल के दाम में प्रति किलोग्राम 5 रुपए तक कटौती की है। इसके अलावा चीनी के दाम की गई कटौती की जल्द घोषणा की जाएगी। यह बात खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री किशन कपूर ने पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सभी दालें इसी माह से सस्ते में मिलना शुरू हो जाएंगी जबकि चीनी के दामों में अगले माह से कटौती किया जाना प्रस्तावित है।


दालों की कीमतों में 5 रुपए की कटौती
उन्होंने कहा कि दालों की कीमतों में 5 रुपए प्रति किलोग्राम की कटौती की गई है। इसमें चना दाल 35 रुपए प्रति किलोग्राम, उड़द 30 रुपए प्रति किलोग्राम और मलका 30 रुपए प्रति किलोग्राम मिलेगी। उन्होंने कहा कि गृहणी सुविधा योजना के तहत राज्य उन 1 लाख परिवारों को जल्द मुफ्त गैस कनैक्शन देगी, जो अब तक इससे वंचित हैं। सरकार इन परिवारों को गैस कनैक्शन का पूरा खर्च 3,500 रुपए भी वहन करेगी। इस पर पूरी राशि प्रदेश सरकार व्यय करेगी तथा यह देशभर में अपनी तरह की पहली योजना है।


पूर्व सरकार ने नहीं रखा गुणवत्ता का ध्यान
उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकार के समय में डिपुओं में राशन की गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जाता था। इस कारण उपभोक्ताओं को कई माह राशन नहीं मिलता था। जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली वर्तमान भाजपा सरकार के 5 माह के कार्यकाल में सस्ते राशन की गुणवत्ता में सुधार करने के अलावा दामों में कटौती की है। इसी तरह राशि की नियमित सप्लाई भी हो रही है। वर्तमान सरकार के प्रयासों से विभाग और खाद्य आपूर्ति निगम के खर्चों में कटौती हुई है, साथ ही उपभोक्ताओं को भी इसका लाभ मिलेगा। सरकार ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए टॉल फ्री नंबर और ई.पी.डी.एस. एप भी लांच किया है। एप की सुविधा से राशन कार्ड को मोबाइल पर देखा जा सकता है।


कांग्रेस कार्यकाल में महंगाई को लेकर चुप रहा विपक्ष
मंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्व कांग्रेस सरकार के समय जब महंगाई आसमान छू रही थी और दालों सहित चीनी महंगी मिल रही थी तो उस समय कांग्रेस चुप बैठी थी। इस समय जब लोगों को सस्ता राशन समय पर मिल रहा है तो कांग्रेस के कुछ लोग थाली और चम्मच लेकर धर्मशाला में प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गरीब की थाली तो सरकार ने भर दी है अब कांग्रेस के पास चम्मचे ही रह गए हैं।


पार्टी हाईकमान तय करेगा कांगड़ा से प्रत्याशी
उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवार का नाम पार्टी हाईकमान तय करेगा। उल्लेखनीय है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने चुनावी राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की है। उनके चुनाव नहीं लडऩे की सूरत में अब कांगड़ा हलके से भाजपा नए उम्मीदवार की तलाश कर रही है। एक अन्य प्रश्न के उत्तर में उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी डिपो में अभी भी पूर्व सरकार के समय के पोस्टर लगे होंगे तो उन्हें हटाया जाएगा।

Vijay