हिमाचल प्रदेश की 13वीं विधानसभा का अंतिम सत्र आज से आरंभ

punjabkesari.in Wednesday, Aug 10, 2022 - 10:08 AM (IST)

शिमला, 10 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश की 13वीं विधानसभा का अंतिम सत्र आज पूर्वाह्न 11 बजे से आरंभ होगा। राज्य में दिसंबर में चुनाव होने हैं।

चार दिवसीय मॉनसून सत्र की शुरुआत में विधायक चार दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि देंगे। इन पूर्व विधायकों का पिछले सत्र यानी बजट सत्र के बाद निधन हो गया था।

पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम को श्रद्धांजलि दी जाएगी, जिनका मस्तिष्क आघात के बाद 11 मई को नयी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया था।

पूर्व सांसद और विधायक पंडित सुखराम 1993 से 1996 के बीच केंद्रीय संचार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रहे थे। उन्हें देश में दूरसंचार क्रांति लाने के लिए याद किया जाता है।

उन्होंने अपने 60 वर्ष के लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान हिमाचल प्रदेश के विकास और राज्य के लोगों के कल्याण में काफी योगदान दिया।

पूर्व विधायक रूप सिंह चौहान, मस्त राम और प्रवीण शर्मा का भी पिछले सत्र के बाद निधन हो गया था और उन्हें भी श्रद्धांजलि दी जाएगी।

विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि कोविड और मंकीपॉक्स के मद्देनजर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) का सत्र के दौरान पालन किया जाएगा।
सत्र 13 अगस्त को समाप्त होगा।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News