हिमाचल प्रदेश उपचुनाव : दुनिया के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र पर शत प्रतिशत मतदान

punjabkesari.in Saturday, Oct 30, 2021 - 11:38 PM (IST)

शिमला, 30 अक्टूबर (भाषा) दुनिया के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र और समुद्रतल से 15,256 फीट की ऊंचाई पर स्थित हिमाचल प्रदेश के ताशिगांग गांव में तापमान शून्य से 16 डिग्री सेल्सियस नीचे होने के बावजूद शनिवार को शत प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यहां पंजीकृत सभी 47 मतदाताओं - 29 पुरुष और 18 महिलाओं- ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उन्होंने बताया कि इनके अलावा पांच चुनाव अधिकारियों ने भी सहायक पीठासीन अधिकारी को चुनाव ड्यूटी प्रमाण पत्र दिखाकार ताशिगांग में ही मतदान किया।
ताशिगांग में पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने वाली ताशी चोंजोम ने कहा कि मतदान के जरिये लोकतंत्र में अपनी भूमिका निभा कर वह प्रसन्न हैं। हम सभी को मतदान करना चाहिए।
गौरतलब है कि ताशिगांग गांव लाहौल स्पीति जिले में है और मंडी लोकसभा सीट के अंतर्गत आता हैं। यहां पर सीधा मुकाबला दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी और कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह तथा भाजपा के प्रत्याशी और कारगिल युद्ध के नायक खुशाल ठाकुर के बीच है।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News