पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह के मंडी संसदीय सीट पर उपचुनाव लड़ने की संभावना

Monday, Aug 09, 2021 - 07:51 PM (IST)

शिमला, नौ अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह ने कहा है कि वह मंडी सीट से उपचुनाव लड़ने के बारे में सोच रही हैं। यह सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद राम स्वरूप शर्मा के निधन के बाद रिक्त हुई थी।

पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह रविवार को अपने बेटे विक्रमादित्य सिंह के पेज के जरिए फेसबुक पर लाइव हुईं।

आठ जुलाई को वीरभद्र के निधन के बाद शोक संदेशों के लिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि लोग उनसे कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने के लिए मंडी उपचुनाव लड़ने का आग्रह कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उनके अनुरोध पर विचार किया जा रहा है और ताजा स्थिति को देखते हुए उचित फैसला लिया जाएगा।’’
प्रतिभा सिंह 10 मिनट से अधिक समय तक फेसबुक पर लाइव रहीं।

मंडी संसदीय सीट के लिए उपचुनाव होना है, क्योंकि भाजपा सांसद शर्मा 17 मार्च को नई दिल्ली में अपने आधिकारिक आवास में मृत पाए गए थे।

हालांकि, भारत निर्वाचन आयोग ने अभी तक उपचुनाव की तारीख की घोषणा नहीं की है।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency