हिमाचाल प्रदेश में 20 और लोगों के कोविड-19 होने की पुष्टि, कुल संक्रमितों की संख्या 2,655 हुई

Sunday, Aug 02, 2020 - 08:12 PM (IST)

शिमला, दो अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश में रविवार को 20 और लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई जिनमें से छह सैन्य बलों के जवान हैं। इसके साथ ही प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 2,655 हो गई।

वरिष्ठ अधिकरी ने बताया कि प्रदेश में अब तक 13 लोगों की मौत कोविड-19 की वजह से हुई है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य)आरडी धीमान ने बताया कि 20 संक्रमितों में आठ कांगड़ा जिले के, पांच शिमला जिले के, चार मंडी के और तीन चंबा के रहने वाले हैं।
कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक विमुक्त रंजन ने बताया कि जिले में सामने आए नये संक्रमितों में चार सेना, एक नौसेना का जवान और पांच साल की एक लड़की शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक उमापति जामवाल ने बताया कि शिमला जिले के रामपुर अनुमंडल के दाकोलर में पांच मजूदरों में कोविड-19 होने की पुष्टि हुई।
वहीं मंडी में सेना का एक जवान और 15 वर्षीय एक लड़की के कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है।
धीमान ने बताया कि अब तक राज्य में 1,508 लोक संक्रमण मुक्त हो चुके हैं जबकि 15 संक्रमितों ने राज्य से बाहर पलायन किया है।
उन्होंने बताया कि इस समय राज्य में 1,117 मरीज उपचाराधीन हैं।
धीमान ने बताया कि सोलन जिले में सबसे अधिक 389 उपचाराधीन मरीज है। इसके अलावा सिरमौर में 189, कांगड़ा में 133, मंडी में 127, शिमला में 88, उना में 67, चंबा में 37, बिलासपुर में 35, हमीरपुर में 25, कुल्लू में 19 और किन्नौर में 11 मरीजों का इलाज चल रहा है।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

Edited By

PTI News Agency