Kangra: घट्टा टोल प्लाजा हटाने के लिए 6 नवम्बर को धरना-प्रदर्शन, 16 पंचायतों के प्रतिनिधि और ग्रामीण लेंगे भाग

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 05:41 PM (IST)

बनखंडी (राजीव): शिमला-मटौर फोरलेन पर रानीताल के समीप घट्टा स्थित टोल प्लाजा को हटाने की मांग को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों ने आंदोलन का ऐलान किया है। घट्टा टोल प्लाजा संघर्ष समिति की ओर से 6 नवम्बर को टोल प्लाजा पर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। संघर्ष समिति के अध्यक्ष विनोद बराड़ ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान सुबह से शाम तक टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों को निशुल्क निकालने का प्रयास किया जाएगा और टोल वसूली का विरोध किया जाएगा।

विनोद बराड़ ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा गलत स्थान पर स्थापित किया गया है, जिससे आसपास के ग्रामीणों और रोजाना सफर करने वाले वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि एनएचएआई इस टोल प्लाजा को यहां से जल्द हटाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रदर्शन के बाद भी टोल प्लाजा को स्थानांतरित करने का निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदर्शन में आसपास की पंचायतों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले वाहन चालकों के लिए 1500 रुपए सालाना पास की सुविधा अच्छी पहल है, लेकिन क्षेत्र के लोग टोल प्लाजा को यहां से हटाने की मांग पर कायम हैं। संघर्ष समिति के अनुसार इस आंदोलन में 16 पंचायतों के लोग शामिल होंगे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News