अतिक्रमण हटाने का हुआ विरोध तो प्रशासन ने मौके पर कर डाला यह काम

Monday, Sep 11, 2017 - 01:16 AM (IST)

सोलन: रविवार को शहर में अतिक्रमण हटाने का कार्य जारी रहा। दूसरे दिन सिनेमाघर से मिनी सचिवालय, सपरून चौक तक और सेंट ल्युक्स के पास अवैध निर्माणों को तोड़ा गया। इस दौरान लोगों ने विरोध भी किया लेकिन बावजूद इसके यह कार्रवाई पूरा दिन जारी रही। शनिवार को सोलन शहर के मालरोड पर अवैध निर्माण तोड़ा गया था और मिनी सचिवालय मार्ग पर अतिक्रमण हटाते समय इसका काफी विरोध भी हुआ।

इसके बावजूद प्रशासन ने यहां अवैध निर्माणों पर जे.सी.बी. चलाई। इस दौरान एस.डी.एम. एकता काप्टा, तहसीलदार उत्तम कुमार शर्मा, कानूनगो, पटवारी, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता व कर्मचारी मौजूद थे। शहर में अवैध कब्जों को हटाने को लेकर कार्रवाई उच्च न्यायालय के आदेशों के बाद की जा रही है। कुछ समय पहले भी प्रशासन ने अवैध निर्माणों को तोड़ा था लेकिन अब इसमें तेजी से कार्य किया जा रहा है।

कुछ ने स्वयं तोडऩे शुरू किए कब्जे
रविवार सुबह मिनी सचिवालय मार्ग पर प्रशासन की टीम जे.सी.बी. मशीनों के साथ पहुंची। इस दौरान लोगों ने निशानदेही को लेकर इसका विरोध भी किया जिसके बाद प्रशासन ने मौके पर ही नाप-नपाई करके उनकी तसल्ली करवाई। इस मार्ग पर सभी जगह अवैध निर्माणों को तोड़ दिया गया है। 1-2 स्थानों पर इन्हें छोड़ा गया है, जहां मशीनों से मकानों को अधिक नुक्सान हो सकता था और लोगों ने इन्हें स्वयं तोडऩा शुरू कर दिया था। इसके अलावा सिनेमाघर से लेकर सपरून चौक तक अतिक्रमण हटाया गया। शाम के समय जे.सी.बी. ने सेंट ल्युक्स स्कूल के पास का रुख किया और यहां थोड़ा-बहुत निर्माण तोड़ा गया। कई स्थानों पर लोगों ने स्वयं ही निशानदेही के अनुसार निर्माण को तोड़ा।