Una: चिट्टे में संलिप्त लोगों की संपत्ति होगी जब्त, ध्वस्त किए जाएंगे भवन : सुक्खू

punjabkesari.in Monday, Jun 16, 2025 - 07:11 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र) : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि सरकार किसी भी प्रकार के माफिया को सहन नहीं करेगी। लगातार माफिया के खिलाफ सरकार कार्रवाई कर रही है। ऊना पहुंचे सीएम सुक्खू मीडिया के सवालों के जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि न तो ड्रग माफिया और न खनन माफिया को पनपने दिया जाएगा। सीएम ने कहा कि ड्रग माफिया और चिट्टे में संलिप्त कर्मचारियों के खिलाफ सरकार कठोर कार्रवाई कर रही है। ड्रग पैडलर्स और इसमें संलिप्त हर व्यक्ति की संपत्ति की भी जांच होगी। इसे जब्त किया जाएगा या ध्वस्त कर दिया जाएगा। सरकार को लगातार सूचनाएं मिल रही हैं और इस पर बज्रपात किया जाएगा। प्रदेश के युवाओं को इस दलदल से बचाया जाएगा। कानून बदले जा रहे हैं। आने वाले कुछ दिनों के भीतर बड़ा परिवर्तन देखने को मिलेगा। नशा व्यापारियों को जेल की सलाखों के पीछे डाला जाएगा।

सीएम ने कहा कि केन्द्र सरकार प्रदेश में ओपीएस यानी ओल्ड पैंशन स्कीम की बजाय नई पैंशन स्कीम शुरू करने की शर्त रख रही है और 1600 करोड़ रुपए जो पिछली सरकारों को मिलता रहा है वह इसलिए रोक दिया गया है ताकि ओपीएस को बंद कर दिया जाए। कांग्रेस सरकार कर्मचारियों से किए गए वायदे पर अड़िग है। सीएम ने कहा कि प्रदेश में आई आपदा पर खुद केन्द्र की टीम ने 10,000 करोड़ रुपए के नुक्सान का आंकलन किया, लेकिन एक रुपए भी इसकी एवज में नहीं दिया गया। प्रदेश सरकार ने अपने तौर पर 4500 करोड़ का राहत पैकेज देकर लोगों की मदद की। सीएम ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश के स्वास्थ्य संस्थानों का पूरी तरह से भट्ठा बैठा दिया था। अब सरकार ने फैसला किया है कि सभी बड़े अस्पतालों में लेटैस्ट टैक्नोलॉजी स्थापित की जाएगी। 200 करोड़ रुपए की राशि इसके लिए जारी कर दी गई है।

सीएम सुक्खू ने कहा कि ऊना में पीजीआई सैटेलाइट सैंटर कांग्रेस सरकार की देन है। पूर्व जयराम सरकार ने इस पर कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि 600 स्कूलों का युक्तिकरण कर शिक्षा में बड़ा बदलाव लाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समुचित विकास किया जा रहा है। सीएम सुक्खू ने एक सवाल के जवाब में कहा कि उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के दौरान हैलीकाॅप्टर हादसे के बाद मणिमहेश यात्रा के दौरान भी हैलीकाॅप्टर सेवा के लिए नियमों का पालन करवाया जाएगा।

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News