MP के जब्बलपुर सेे धरा भगौड़ा, यह किया था अपराध

Friday, Jun 02, 2017 - 01:45 AM (IST)

चम्बा: जिला पुलिस के पी.ओ. सैल ने अदालत द्वारा उद्घोषित किए गए अपराधी को धर दबोचने में सफलता हासिल की है। ए.एस.पी. चम्बा विरेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि चेतन कुमार बग्गा पुत्र सुभाष चंद्र बग्गा निवासी एच.एन. 21 बुलेहर डाकघर के पीछे मांडला मार्ग जब्बलपुर मध्य प्रदेश के खिलाफ चम्बा में कंट्री विजन नाम की कंपनी बनाकर लोगों से पैसा लेने के आरोप में चम्बा व डल्हौजी की अदालत में कई केस हुए, जिसमें से करीब 17 मामले विचाराधीन हैं। इसमें से 2 मामलों में उसे अदालत द्वारा उद्घोषित अपराधी घोषित किया गया था। 

अदालत के आदेशों पर एक और मामला दर्ज
उसके खिलाफ सदर थाना चम्बा में 1 मई, 2017 को 174-ए के तहत अलग से मामला दर्ज हुआ था, जिसमें यह वांछित था। पुलिस के पी.ओ. सैल की टीम ने 29 मई को जब्बलपुर से उसे गिरफ्तार कर वहां की अदालत से 3 दिन का ट्रांजिट रिमांड हासिल कर उसे चम्बा पहुंचाया। वीरवार को उसे चम्बा अदालत के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने उक्त अपराधी को पुलिस रिमांड में भेजा तो साथ ही उस पर एक ओर मामला दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने अदालत के आदेशों पर उक्त उद्घोषित अपराधी के खिलाफ एक ओर मामला दर्ज कर लिया है।